PM मोदी ने प्लेटिनम जुबली समारोह में किया ‘चेदीज चाय वाले’ का जिक्र सुंदर पिचाई और अरविंद केजरीवाल समेत कई पूर्व छात्रों से जुड़ी हैं दुकान की यादें
Knews Desk – IIT खड़गपुर की करीब सात दशक पुरानी ‘चेदीज चाय’ की दुकान इन दिनों फिर चर्चा में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते शनिवार को IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में अपने भाषण के दौरान इस मशहूर चाय की दुकान का जिक्र किया। पीएम मोदी के नाम लेते ही कार्यक्रम में मौजूद छात्रों, संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालियां बजाईं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश-विदेश में IIT के कई प्रतिष्ठान हैं और यहां पढ़ाई कर चुके कई पूर्व छात्र दशकों बाद भी कैंपस में बिताए दिनों को नहीं भूलते। इसी संदर्भ में उन्होंने ‘चेदीज चाय वाले’ का जिक्र किया और कहा कि उन्हें विश्वास है कि कई प्रतिष्ठित पूर्व छात्र आज भी इस दुकान को याद करते होंगे।
1957 में शुरू हुई थी दुकान
दुकान के मालिक 28 वर्षीय शाहरुख खान के मुताबिक, वह 11 साल की उम्र से ही इस दुकान पर बैठ रहे हैं। इससे पहले उनके दादाजी अनवर खान दुकान संभालते थे और शाहरुख भी उनके साथ यहां आया करते थे।
शाहरुख के मुताबिक, IIT खड़गपुर की स्थापना 1951 में हुई थी और इसके छह साल बाद 1957 में उनके दादाजी ने कैंपस में छोटी सी चाय की दुकान शुरू की थी। बाद में दुकान को कैंपस के अंदर से बाहर पुरी गेट पर ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि उनके दादाजी को लोग प्यार से ‘छेड़ी’ कहते थे। इसी वजह से दुकान का नाम भी ‘चेदीज’ पड़ गया।
सात दशकों से ज्यादा पुरानी यह दुकान लंबे समय तक IIT खड़गपुर कैंपस में चाय और कॉफी का प्रमुख और इकलौता ठिकाना रही। समय के साथ कैंपस में कई दूसरी दुकानें खुल गईं, लेकिन ‘चेदीज’ से जुड़ी छात्रों और पूर्व छात्रों की यादें अब भी कायम हैं।
कई पीढ़ियों के छात्र इस दुकान पर बैठकर चाय का आनंद लेते रहे हैं। यही वजह है कि यह दुकान IIT खड़गपुर की कैंपस संस्कृति और पुरानी यादों का हिस्सा बन चुकी है।
PM मोदी के जिक्र के बाद मिल रही बधाइयां
शाहरुख खान के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दुकान का नाम लिए जाने के बाद उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं। लोग फोन करके उन्हें बधाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से वह भावुक भी हैं और उन्हें अपनी दुकान की प्रतिष्ठा को बनाए रखने की जिम्मेदारी भी महसूस हो रही है।
शाहरुख के मुताबिक, उनके दादाजी के समय में सुंदर पिचाई और अरविंद केजरीवाल जैसी कई मशहूर हस्तियां भी इस दुकान पर आकर बैठती थीं।
IIT खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती के मुताबिक, एक समय यह दुकान छात्रों के लिए चाय के मुख्य स्रोतों में से एक थी और कई पूर्व छात्र वहीं चाय पीते थे। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री ने भी पूर्व छात्रों से इस दुकान के बारे में सुना था, इसलिए उनके भाषण में इसका जिक्र आया।
समय के साथ IIT खड़गपुर का कैंपस बदला है। दुकानों की संख्या बढ़ी है और खाने-पीने का मेन्यू भी बदला है, लेकिन सुमन चक्रवर्ती के मुताबिक ‘चेदीज’ का स्वाद आज भी कायम है।