KNEWS DESK– बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। दोनों के बीच यह बैठक एक घंटे से अधिक समय तक चली। इस दौरान उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आगामी दिनों में होने वाली कथाओं, बाबा रामदेव से चल रहे विवाद और 2027 के विधानसभा चुनाव से जुड़े सियासी समीकरणों पर चर्चा हुई। धीरेंद्र शास्त्री ने सीएम योगी की मां के निधन पर भी शोक व्यक्त किया।
सीएम योगी की मां को दी श्रद्धांजलि
मुलाकात के बाद बाबा बागेश्वर ने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूजनीय माताजी के गोलोक गमन पर पुष्पांजलि और श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को सनातन संस्कृति, राष्ट्र और उत्तर प्रदेश की प्रगति के लिए काम करने वाला बताया।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी की मां धन्य हैं, जिन्होंने ऐसे सपूत को जन्म दिया, जो राम और राष्ट्र को साथ लेकर देश की उन्नति और उत्तर प्रदेश की प्रगति के लिए कार्य कर रहे हैं।
रामदेव विवाद पर भी हुई चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक में बाबा रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री के बीच चल रहे विवाद को खत्म करने को लेकर भी चर्चा हुई। हाल ही में भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी टिप्पणी को लेकर दोनों के बीच बयानबाजी सामने आई थी।
स्वामी रामदेव ने सनातन परंपरा, अंधविश्वास और देवी-देवताओं की तुलना को लेकर नाराजगी जताई थी। हालांकि, अब दोनों की ओर से विवाद को आगे न बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। बैठक में इस विवाद के पटाक्षेप को लेकर भी चर्चा होने की बात सामने आई है।