KNEWS DESK– बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की ढाका वापसी की संभावित तारीख सामने आने के बाद तारिक रहमान की सरकार सक्रिय हो गई है। सरकार उनकी वापसी को टालने के लिए कूटनीतिक स्तर पर प्रयास कर रही है। मंगलवार 24 नवंबर को विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने अमेरिका, ब्रिटेन और रूस के राजदूतों से मुलाकात की। बाद में चीन, यूरोपीय संघ और संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधियों से भी इस मुद्दे पर चर्चा की गई।
हसीना की वापसी से सरकार को कानून-व्यवस्था की चिंता
बांग्लादेश सरकार का तर्क है कि अगर शेख हसीना इस समय नई दिल्ली से ढाका लौटती हैं तो देश में शांति और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। सरकार के मुताबिक हसीना के लाखों समर्थक उनकी वापसी के मौके पर सड़कों पर उतर सकते हैं, जिससे हिंसा और तोड़फोड़ की स्थिति पैदा होने का खतरा है।
सरकार का दावा है कि हसीना की वापसी पर करीब 20 लाख समर्थक जुलूस निकाल सकते हैं। हसीना की पार्टी के नेताओं की ओर से भी इसकी तैयारी किए जाने की बात कही गई है। सरकार इसे बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देख रही है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित है।
2024 में हुआ था सत्ता परिवर्तन
शेख हसीना 2008 में दूसरी बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री बनी थीं और 2024 तक इस पद पर रहीं। अगस्त 2024 में उनकी सरकार का तख्तापलट हो गया था। इसके बाद हसीना अपनी जान बचाकर नई दिल्ली आ गई थीं और तब से दिल्ली में रह रही हैं।
हसीना ने आरोप लगाया था कि अमेरिका के इशारे पर उनका तख्तापलट किया गया। उनके सत्ता से हटने के बाद बांग्लादेश में अंतरिम सरकार बनी, जिसका नेतृत्व मोहम्मद यूनुस ने किया। इसके बाद आम चुनाव हुए और तारिक रहमान की पार्टी की जीत के बाद उनकी सरकार बनी।
हसीना पर 100 से ज्यादा मुकदमे
बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद शेख हसीना के खिलाफ 100 से ज्यादा मुकदमे दर्ज किए गए। रिपोर्ट के मुताबिक कुछ मामलों में उन्हें सजा भी सुनाई गई है। बांग्लादेश सरकार की ओर से हसीना को वापस लाने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में उनकी संभावित वापसी को लेकर ढाका सरकार की चिंता बढ़ गई है और वह अमेरिका, ब्रिटेन, रूस, चीन समेत कई देशों के प्रतिनिधियों से संपर्क कर रही है।