Knews Desk– इंडियन एयरफोर्स अग्निवीर वायु भर्ती परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों के लिए जरूरी अपडेट है। भारतीय वायुसेना ने अग्निवीर वायु Intake 02/2027 की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब अपना क्वेशचन पेपर, रिस्पॉन्स शीट और प्रोविजनल आंसर-की ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। अगर किसी उम्मीदवार को किसी प्रश्न के उत्तर पर आपत्ति है, तो वह निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन ऑब्जेक्शन दर्ज करा सकता है। अग्निवीर वायु Intake 02/2027 की परीक्षा 22 और 23 सितंबर 2026 को आयोजित की गई थी। उम्मीदवार आंसर-की और रिस्पॉन्स शीट का मिलान करके अपने संभावित स्कोर का अंदाजा लगा सकते हैं।
इंडियन एयरफोर्स की ओर से प्रोविजनल आंसर-की जारी करने के साथ ही ऑब्जेक्शन विंडो भी खोल दी गई है। उम्मीदवार 26 सितंबर 2026 सुबह 10 बजे से 28 सितंबर 2026 रात 11:55 बजे तक अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। इसके अलावा किसी अन्य माध्यम से भेजी गई आपत्ति भी स्वीकार नहीं की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते अपनी आंसर-की और रिस्पॉन्स शीट चेक कर लें और किसी प्रश्न के उत्तर पर आपत्ति होने पर आधिकारिक प्रक्रिया के तहत ही ऑब्जेक्शन दर्ज करें।अग्निवीर वायु भर्ती परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की और रिस्पॉन्स शीट देखने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले इंडियन एयरफोर्स के भर्ती पोर्टल पर जाना होगा। इसके बाद Agniveer Vayu से संबंधित लिंक पर क्लिक करना होगा। यहां Candidate Login Intake 02/2027 का विकल्प चुनें। इसके बाद अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड दर्ज करके लॉगिन करें। लॉगिन करने के बाद स्क्रीन पर क्वेशचन पेपर, प्रोविजनल आंसर-की और रिस्पॉन्स शीट दिखाई देगी। उम्मीदवार इन सभी को ध्यान से चेक कर सकते हैं और जरूरत के अनुसार इन्हें सुरक्षित रख सकते हैं।
प्रोविजनल आंसर-की पर उम्मीदवारों से प्राप्त आपत्तियों की विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाएगी। समीक्षा के दौरान अगर किसी प्रश्न या उत्तर में बदलाव जरूरी पाया जाता है, तो उसमें संशोधन किया जा सकता है। इसके बाद अंतिम या मॉडल आंसर-की जारी की जा सकती है। लिखित परीक्षा में उम्मीदवारों के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। ऐसे में उम्मीदवारों के लिए अपनी रिस्पॉन्स शीट और आंसर-की को ध्यान से देखना महत्वपूर्ण है।अग्निवीर वायु के रूप में चयनित उम्मीदवारों को पहले साल 30,000 रुपये का मासिक पैकेज मिलेगा, जिसमें करीब 21,000 रुपये इन-हैंड होने की बात कही गई है। चौथे साल तक मासिक पैकेज बढ़कर 40,000 रुपये हो जाएगा। चार साल की सेवा पूरी होने पर करीब 10.04 लाख रुपये का सर्विस फंड पैकेज ब्याज समेत दिया जाएगा। इसके अलावा 48 लाख रुपये का जीवन बीमा और निर्धारित भत्ते भी मिलेंगे। ऐसे में भर्ती परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों के लिए फिलहाल जरूरी है कि वे अपनी प्रोविजनल आंसर-की और रिस्पॉन्स शीट चेक करें और यदि किसी उत्तर पर आपत्ति है तो 28 सितंबर 2026 रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा दें।