पश्चिम बंगाल: पाला बदलते ही बदले सायोनी घोष ने सुर, सुवेंदु सरकार के बचाव में उतरीं, ममता गुट ने घेरा

टीएमसी सांसद सायोनी घोष ने बारुईपुर की घटना पर दुख जताते हुए पश्चिम बंगाल की महज दो महीने पुरानी बीजेपी सरकार और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का बचाव किया है. बागी सायोनी घोष के बदले सुरों ने सबको चौंका दिया है.

Knews Desk- टीएमसी सांसद सायोनी घोष ने बारुईपुर में नाबालिग बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की घटना को लेकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य की नई सरकार का बचाव करते हुए कहा कि कोई भी मुख्यमंत्री अपने राज्य में रेप जैसी शर्मनाक और भयावह घटना नहीं चाहता। उनके इस बयान ने बंगाल की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।

परिवार को इंसाफ का भरोसा

पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान सायोनी घोष ने उन्हें जल्द न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद मिलनी चाहिए। बता दें कि जिस इलाके में यह घटना हुई है, वह जादवपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां से सायोनी सांसद हैं।

ममता की करीबी रहीं सायोनी

सायोनी घोष पहले ममता बनर्जी की करीबी नेताओं में शामिल रही हैं। वह पार्टी की आक्रामक आवाज के तौर पर जानी जाती थीं और अक्सर विपक्ष पर हमलावर रहती थीं। ऐसे में सरकार के बचाव में दिया गया उनका बयान कई लोगों के लिए चौंकाने वाला माना जा रहा है।

बंगाल की सियासत में हलचल

हालांकि टीएमसी के कुछ असंतुष्ट नेताओं ने अभी तक बीजेपी का दामन नहीं थामा है, लेकिन इस घटना को लेकर आए बयानों ने पार्टी के अंदर चर्चाएं बढ़ा दी हैं। सायोनी के बदले रुख को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। वहीं विपक्ष लगातार राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साध रहा है।


पीड़ित परिवार से मुलाकात के पहले सायोनी ने ट्वीट करके भी मामले को लेकर अपनी संवेदना जताई थी.

ममता खेमे में उबाल

सायोनी घोष के इस बयान और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का आभार जताने वाले सोशल मीडिया पोस्ट के बाद टीएमसी के ममता खेमे में भारी उबाल है. पार्टी की ओर से कहा गया है कि एक तरफ ममता बनर्जी को बारुईपुर जाने से रोकने के लिए नजरबंद जैसा माहौल बनाया गया, वहीं सायोनी घोष को वहां जाने की इजाजत मिलना और उनका सरकार की पैरवी करना यह साफ करता है कि वो पूरी तरह से बीजेपी के नैरेटिव को मजबूत कर रही हैं.

यूथ टीएमसी की अध्यक्ष रह चुकी सायोनी घोष को पार्टी पहले ही उनके सांगठनिक पदों से हटा चुकी है. लेकिन बारुईपुर जाने से ममता बनर्जी को रोकना और स्थानीय सांसद को जाने देने को लेकर ममता बनर्जी का गुट उन्हें निशाने पर ले रहा है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *