Mahoba Crime News: महोबा में नशे के आदी बेटे ने गांजा खरीदने के लिए मां से 60 रुपये मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर उसने कुल्हाड़ी से मां पर चार वार कर दिए। हत्या के बाद करीब दो घंटे तक वह शव के पास बैठा रहा।
Knews Desk– उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के रावतपुरा खुर्द गांव में गांजा खरीदने के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी। आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से मां पर चार वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी करीब दो घंटे तक मां के शव के पास ही बैठा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मृतका की पहचान मूला देवी के रूप में हुई है। पुलिस और परिजनों के अनुसार, उनका छोटा बेटा मोहन सिंह यादव नशे का आदी है। बताया गया कि वह गांजा, नशे के इंजेक्शन और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करता था। बुधवार सुबह मोहन ने गांजा खरीदने के लिए अपनी मां से 60 रुपये मांगे थे। मां ने पैसे नहीं होने की बात कहते हुए रुपये देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने के बाद मोहन ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और अपनी मां मूला देवी पर लगातार चार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में मां और बेटे के अलावा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। हत्या के बाद भी आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ और करीब दो घंटे तक अपनी मां के शव के पास बैठा रहा।
कुछ समय बाद मृतका के देवर रामेश्वर यादव घर पहुंचे। उन्होंने मूला देवी को मृत अवस्था में देखा और आरोपी मोहन को शव के पास बैठा पाया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के बड़े बेटे सोहन सिंह यादव भी घर पहुंचे। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही कुलपहाड़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आरोपी मोहन सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है और संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
CO कुलपहाड़ अनुरुद्ध कुमार के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे सोहन सिंह यादव ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसके सगे भाई मोहन सिंह यादव ने धारदार हथियार से अपनी मां की हत्या कर दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।