Real11 गेमिंग ऐप के खिलाफ FIR दर्ज, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शुरू की जांच

ऑनलाइन फैंटेसी स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म Real11 Fantasy Sports LLP के खिलाफ कथित साइबर और वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। शिकायतकर्ता ने ऐप के जरिए करोड़ों रुपये के नुकसान का आरोप लगाया है।

Knews Desk- दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने Real11 Fantasy Sports LLP के खिलाफ कथित साइबर और वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में FIR दर्ज की है। तिहाड़ कोर्ट के वकील अजय कुमार कसाना की शिकायत के मुताबिक, उन्हें इस पूरे मामले में चार करोड़ 34 लाख रुपये से ज्यादा का वित्तीय नुकसान हुआ है। पुलिस ने शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान उन्होंने Real11 ऐप पर करीब एक करोड़ 39 लाख रुपये जमा किए थे। आरोप है कि ऐप के डैशबोर्ड पर उन्हें करीब एक करोड़ 31 लाख रुपये की जीत दिखाई गई, लेकिन वह पूरी रकम निकाल नहीं सके। शिकायत में कहा गया है कि शुरुआत में करीब 26 लाख रुपये निकालने की अनुमति दी गई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बाद में उनके गेमिंग अकाउंट का एक्सेस बंद कर दिया गया। साथ ही डैशबोर्ड में बदलाव कर कथित तौर पर सही ट्रांजैक्शन और जीत से जुड़ी जानकारी तक उनकी पहुंच रोक दी गई। शिकायत में Real11 प्लेटफॉर्म से जुड़े बताए गए ललित यादव और अमित यादव के नाम भी सामने आए हैं, जबकि FIR में अन्य आरोपियों को अज्ञात बताया गया है।

FIR में मार्च और जुलाई 2025 के दौरान Paytm और HDFC Bank से जुड़े कई डेबिट कार्ड ट्रांजैक्शन का विवरण भी शामिल किया गया है। पुलिस अब इन ट्रांजैक्शन और संबंधित रकम के रिकॉर्ड की जांच करेगी। शिकायतकर्ता ने इससे पहले National Cyber Crime Reporting Portal और गाजियाबाद पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई थी। FIR में कई NCRP शिकायतों का भी उल्लेख किया गया है।

शिकायतकर्ता ने BNSS की धारा 175(3) के तहत तिहाड़ कोर्ट में आवेदन दिया था। 15 सितंबर 2026 को कोर्ट के आदेश के बाद FIR दर्ज करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी और 18 सितंबर को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने BNS की धारा 316, 318 और 3(5), IT Act की धारा 43 और 66 तथा Delhi Public Gambling Act की धारा 3 के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *