हैदराबाद में लिफ्ट हादसा, डेढ़ घंटे तक उल्टा लटका रहा शख्स, रेस्क्यू का Video देखकर कांप उठेंगे

Hyderabad Lift Accident: हैदराबाद के मूसापेट इलाके में लिफ्ट का सेंसर खराब होने से 40 वर्षीय मुरली गंभीर हादसे का शिकार हो गए। लिफ्ट और दीवार के बीच फंसे मुरली को HYDRA DRF और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब डेढ़ घंटे के ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाला।

Knews Desk– हैदराबाद के मूसापेट स्थित अंजनैया नगर इलाके में लिफ्ट का सेंसर खराब होने के कारण एक 40 वर्षीय व्यक्ति गंभीर हादसे में फंस गया। मुरली नाम का शख्स अपनी पत्नी के साथ ग्राउंड फ्लोर से दूसरी मंजिल पर जा रहा था। दूसरी मंजिल पर पहुंचने के बाद जैसे ही वह लिफ्ट से बाहर निकलने लगा, उसी दौरान तीसरी मंजिल से किसी ने लिफ्ट का बटन दबा दिया। सेंसर में खराबी के चलते दरवाजा पूरी तरह बंद हुए बिना ही लिफ्ट अचानक ऊपर की ओर चल पड़ी।

इस दौरान मुरली का एक पैर लिफ्ट के अंदर और दूसरा बाहर रह गया। वह लिफ्ट, ग्रिल और दीवार के बीच फंसकर उल्टा हवा में लटक गया। हादसे के बाद उसकी पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें निकालने में सफलता नहीं मिली।

इसके बाद सुबह करीब 9:15 बजे HYDRA कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही कुकटपल्ली में तैनात HYDRA डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स की टीम मार्शल जे.डी.वी. प्रसाद के नेतृत्व में करीब 9:30 बजे मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सनतनगर फायर स्टेशन की टीम को भी बुलाया गया।

रेस्क्यू टीम ने हाइड्रॉलिक कटर की मदद से लिफ्ट की दीवार और ग्रिल के हिस्से को काटना शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले मुश्किल और बेहद संवेदनशील रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुबह 10:50 बजे मुरली को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेस्क्यू के बाद मुरली को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, हादसे में उनके पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। इस पूरे ऑपरेशन में HYDRA DRF, फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम की तत्परता से मुरली की जान बचाई जा सकी।