मायावती का अखिलेश यादव पर हमला, बोलीं- ‘लाल छोड़कर भगवा ओढ़ लिया’, PDA रथ पर उठाए सवाल

Knews Desk – मायावती ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए प्रचारित किया जा रहा सपा का ‘PDA रथ’ पार्टी के पारंपरिक लाल रंग से कम और RSS-BJP के भगवा रंग से ज्यादा नजर आ रहा है। मायावती ने इसे ‘भगवाकरण’ बताते हुए सवाल किया कि क्या यह वोटों के स्वार्थ में लगातार रंग बदलने की रणनीति है या फिर सपा प्रमुख का मुस्लिम मतदाताओं पर भरोसा कम हो गया है।

मायावती ने यह भी दावा किया कि पिछले चुनावों में मुस्लिम समाज के एकतरफा समर्थन के बावजूद सपा यूपी और केंद्र में बीजेपी को सरकार बनाने से नहीं रोक सकी। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में मुस्लिम समाज बार-बार सपा को वोट देकर अपना वोट क्यों खराब करे।

बसपा प्रमुख ने आगे दावा किया कि मुस्लिम समाज के साथ-साथ अपर कास्ट में खासकर ब्राह्मण समाज की तरह मुस्लिम मतदाताओं का रुख भी बीएसपी की ओर तेजी से बदल रहा है। उन्होंने अपने शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि बीएसपी ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, जनकल्याण और विकास के मामलों में काम किया है।

मायावती ने सपा के ‘PDA’ फॉर्मूले की वास्तविकता पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि चुनावी स्वार्थ में सपा ने अलग-अलग समय पर PDA की अलग-अलग व्याख्या की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी इसे पिछड़ा-दलित और कभी पंडित बताया गया, जबकि अखिलेश यादव पर खुद को अंबेडकरवादी दिखाने के लिए बीएसपी के नीले रंग का वस्त्र पहनकर तस्वीरें खिंचवाने का भी आरोप लगाया।

मायावती ने कहा कि बीएसपी ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति और अंबेडकरवादी विचारधारा वाली पार्टी है। उनके मुताबिक पार्टी सभी वर्गों के लिए रोटी, रोजगार, आत्मसम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन की बात करती है।

इस बीच समाजवादी पार्टी 24 सितंबर से ‘PDA रथ’ अभियान के जरिए चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने जा रही है। अखिलेश यादव 24 सितंबर को रायबरेली जाएंगे और PDA रथ के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *