आरा में शनिवार सुबह हार्डवेयर कारोबारी उपेंद्र कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद घर लौटते समय बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया। पुलिस जमीन विवाद और व्यावसायिक रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
Knews Desk– बिहार के भोजपुर जिले के आरा शहर में शनिवार सुबह दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे 36 वर्षीय हार्डवेयर कारोबारी उपेंद्र कुमार सिंह को तीन हथियारबंद बदमाशों ने गोली मार दी। हमलावरों ने उनके सिर में बेहद करीब से गोली मारी और वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के बड़िहां गांव निवासी उपेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह आरा के नवादा थाना क्षेत्र स्थित गोढ़ना रोड के गौतम बुद्ध नगर, वार्ड-44 में मकान बनाकर अपने परिवार के साथ रहते थे। न्यू बहिरो इलाके में उनकी हार्डवेयर की दुकान थी। परिजनों के मुताबिक, उपेंद्र शनिवार सुबह ही पटना जिले के पालीगंज स्थित अपने ससुराल से आरा लौटे थे।
जानकारी के अनुसार, बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद उपेंद्र बाइक से घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान बिहारी मिल स्थित सूर्य मंदिर के पास पुल पर अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। इससे पहले कि कारोबारी कुछ समझ पाते, हमलावरों ने उनके सिर में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार और नवादा थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत पुलिस टीम के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, व्यावसायिक विवाद, जमीन से जुड़ा मामला या पैसों के लेनदेन का विवाद होने की आशंका को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। अपराधियों का पता लगाने के लिए शहर से बाहर निकलने वाले रास्तों पर नाकेबंदी की गई है। पुलिस घटनास्थल और प्रमुख सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उपेंद्र कुमार सिंह परिवार के बड़े बेटे थे और घर की आर्थिक जिम्मेदारियां संभालते थे। वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई सत्येंद्र कुमार सिंह भारतीय सेना में कार्यरत हैं। परिजनों ने बताया कि करीब एक साल पहले बीमारी के कारण उनके पिता बैजनाथ यादव का निधन हो गया था। अब उपेंद्र की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रहे पिता की इस तरह हत्या किए जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक का माहौल है। पुलिस आरोपियों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।