‘बिग बॉस 20’ के ‘वीकेंड का वार’ का नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें सलमान खान कंटेस्टेंट्स के साथ एक मजेदार लेकिन तीखा टास्क करवाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान गुल्लू यानी कुशाल तंवर ने आम्रपाली दुबे, यंग DSA और अरिश्फा खान पर निशाना साधा। प्रोमो में गुल्लू के अंदाज को देखकर सलमान खान भी हंसते नजर आए।
Knews Desk – सलमान खान के पॉपुलर रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों जबरदस्त ड्रामा देखने को मिल रहा है। घर में कैप्टेंसी की रेस से लेकर कंटेस्टेंट्स के बीच दोस्ती और विवाद तक, हर मुद्दा सुर्खियां बटोर रहा है। हाल ही में आसिफ नए कैप्टन चुने गए हैं, लेकिन कैप्टेंसी की प्रक्रिया के दौरान घर में जमकर बवाल हुआ। लव गिल और कनिका मान के बीच भी तीखी बहस देखने को मिली। वहीं, यंग DSA, स्काउट और लव गिल की दोस्ती को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हैं।
इन सबके बीच शो के ‘वीकेंड का वार’ का नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें होस्ट सलमान खान अपने खास अंदाज में नजर आ रहे हैं। इस बार कंटेस्टेंट गुल्लू यानी कुशाल तंवर को दूसरे घरवालों के गेम पर अपनी राय रखने का मौका दिया गया। गुल्लू ने इस दौरान कई कंटेस्टेंट्स पर तंज कसे और उनके चेहरे पर पानी फेंका।
आम्रपाली दुबे को लेकर क्या बोले गुल्लू?
प्रोमो में सलमान खान कहते नजर आते हैं कि जो पहले रविवार को हुआ करता था, वह अब शनिवार को होगा। इसके बाद वह गुल्लू से कहते हैं कि अगर वह सभी के गेम पर इतनी बातें करते हैं, तो अब उनके सामने भी अपनी बात रखें।
https://www.instagram.com/reels/DeSSNuCqPzf/
सबसे पहले गुल्लू के निशाने पर आम्रपाली दुबे आती हैं। गुल्लू उन पर आरोप लगाते हुए कहते हैं कि वह लोगों से झूठ बोलकर और उनकी तारीफ करके उन्हें अपने जाल में फंसाती रहती हैं। उनके मुताबिक, जो लोग आम्रपाली के जाल में नहीं फंसते, वे उन्हें पसंद नहीं आते। अपनी बात कहने के बाद गुल्लू उनके चेहरे पर पानी फेंक देते हैं।
इसके बाद गुल्लू यंग DSA पर निशाना साधते हैं। वह कहते हैं कि यंग को लगता है कि वह घर का बादशाह है, लेकिन असल में वह गुलाम बनकर रह गया है। गुल्लू का यह तंज घर के अंदर चल रही दोस्ती और समीकरणों की चर्चा को और दिलचस्प बना देता है।
अरिश्फा खान पर भी कसा तंज
इसके बाद गुल्लू अरिश्फा खान की बारी आने पर उन पर टिप्पणी करते हैं। वह कहते हैं कि अगर उन्हें बच्ची कह दिया जाए, तो उनके पास रोने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचता। इसके बाद गुल्लू उनके मेकअप को लेकर भी तंज कसते हैं और कहते हैं कि उन्होंने चार घंटे में मेकअप किया है। इतना कहने के बाद वह अरिश्फा के चेहरे पर भी पानी डाल देते हैं।
गुल्लू की इन हरकतों को देखकर सलमान खान हंसते नजर आते हैं। प्रोमो सामने आने के बाद ‘वीकेंड का वार’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। अब देखना होगा कि इस टास्क के बाद घर में कंटेस्टेंट्स के बीच क्या नया विवाद खड़ा होता है और गुल्लू के बयानों पर बाकी सदस्य किस तरह प्रतिक्रिया देते हैं।