Knews Desk- कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके की दादी सावित्रीबाई शंकर दिपके का 85 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। जिस समय अभिजीत दिपके दिल्ली में प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे, उसी दौरान उनकी दादी ने आखिरी सांस ली।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके की दादी सावित्रीबाई शंकर दिपके का शनिवार को निधन हो गया। उन्होंने 85 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। जानकारी के मुताबिक, उनकी दादी का निधन बुढ़ापे के कारण हुआ। उन्होंने महाराष्ट्र के हिंगोली जिले स्थित अपने पैतृक गांव संतुक पिंपरी में अंतिम सांस ली। इस खबर के सामने आने के बाद दिपके परिवार में शोक का माहौल है।
अभिजीत दिपके दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान शनिवार को दिल्ली पुलिस ने उन्हें इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया। रिपोर्ट के मुताबिक, जैसे ही अभिजीत दिपके एयर इंडिया की फ्लाइट से दिल्ली पहुंचे, पुलिस की एक टीम विमान के अंदर दाखिल हो गई और उन्हें हिरासत में ले लिया।
इस कार्रवाई के दौरान अभिजीत दिपके ने इंस्टाग्राम पर लाइव वीडियो शुरू कर दिया। वीडियो में CJP के सदस्य अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रंका पुलिसकर्मियों से बहस करते दिखाई दिए। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस उनके विमान से बाहर निकलने का इंतजार क्यों नहीं कर सकती थी। दिपके ने पुलिस से कहा कि वे गिरफ्तारी से डरते नहीं हैं। इसके बाद पुलिस उन्हें एयरपोर्ट से किसी अज्ञात स्थान पर ले गई।