अमरोहा के फार्महाउस में हरियाणा की 23 वर्षीय युवती से गैंगरेप, CRPF इंस्पेक्टर समेत चार गिरफ्तार

Amroha Farmhouse Gangrape: अमरोहा में हरियाणा की 23 वर्षीय युवती ने CRPF के एक इंस्पेक्टर, हेड कॉन्स्टेबल, यूपी पुलिस के दरोगा और सिपाही पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Knews Desk– उत्तर प्रदेश के अमरोहा से पुलिस और सुरक्षा बल से जुड़े कर्मचारियों पर गंभीर आरोपों का मामला सामने आया है। हरियाणा के फतेहाबाद की रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि उसे अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र स्थित एक फार्महाउस में ले जाकर CRPF के इंस्पेक्टर, हेड कॉन्स्टेबल, यूपी पुलिस के दरोगा और सिपाही ने उसके साथ गैंगरेप किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता के मुताबिक, 20 सितंबर को उसकी एक परिचित से बातचीत हुई थी। इसके बाद उसे सोनीपत में CRPF के हेड कॉन्स्टेबल मोहित से मिलने के लिए कहा गया। 21 सितंबर की दोपहर युवती सोनीपत पहुंची, जहां मोहित उसे अपनी कार में बैठाकर मेरठ की ओर ले गया। रास्ते में CRPF इंस्पेक्टर लालाराम यादव भी कार में सवार हो गया।

इसके बाद दोनों युवती को अमरोहा के हसनपुर लेकर पहुंचे। वहां उनकी मुलाकात हसनपुर थाने में तैनात दरोगा संजय तोमर से हुई। आरोप है कि इसके बाद सभी झुलपुरी गांव स्थित एक फार्महाउस पहुंचे और वहां दो कमरे बुक किए गए।

पीड़िता की शिकायत के अनुसार, हसनपुर थाने में तैनात सिपाही प्रमोद फार्महाउस पर खाना और शराब लेकर पहुंचा। आरोप है कि शराब पीने के बाद CRPF जवान मोहित, CRPF इंस्पेक्टर लालाराम यादव और यूपी पुलिस के दरोगा संजय तोमर उसके कमरे में जबरन घुस गए और बारी-बारी से उसके साथ रेप किया।

शिकायत में युवती ने बताया कि जब चौथा आरोपी सिपाही प्रमोद कमरे में दाखिल होने लगा तो उसने उसका विरोध किया और उसे धक्का देकर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने अपने मोबाइल फोन से इंटरनेट के जरिए स्थानीय पुलिस का नंबर तलाशा और अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुरादाबाद के DIG मुनिराज जी. और अमरोहा के एसपी लखन सिंह यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस ने मामले में नामजद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की उर्फ मोहित, निवासी ग्राम सोरम, शाहपुर, मुजफ्फरनगर; लालाराम यादव, CRPF इंस्पेक्टर, निवासी ग्राम हातन खेड़ा, बहरोल, अलवर, राजस्थान; संजय तोमर, उप-निरीक्षक, निवासी ग्राम सूप, रमाला, बागपत; और प्रमोद, मुख्य आरक्षी, निवासी ग्राम खेड़ा मस्तान, फुगाना, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।