KNEWS DESK- बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने देश लौटने के लिए 16 दिसंबर की तारीख तय की है। वह दो साल से ज्यादा समय से भारत में रह रही हैं। हसीना ने बांग्लादेश सरकार से दिल्ली से ढाका तक वापसी के लिए सरकारी विमान उपलब्ध कराने की मांग की है। 16 दिसंबर बांग्लादेश का विजय दिवस है और इसी दिन 1971 में पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना के सामने आत्मसमर्पण किया था।
सरकारी विमान से लौटने की मांग
हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली के मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त 2024 को हसीना बांग्लादेश के सैन्य विमान से भारत पहुंची थीं। अब उनकी मांग है कि बांग्लादेश सरकार उनकी वापसी के लिए दिल्ली से ढाका तक सरकारी विमान की व्यवस्था करे। यह पहली बार है जब हसीना ने अपनी वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख बताई है।
पासपोर्ट और पहचान पत्र भी मांगा
हसीना ने हाल ही में दिल्ली स्थित बांग्लादेश दूतावास से नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने की मांग की थी। अगस्त 2024 में बांग्लादेश छोड़ने के कुछ महीने बाद उनका पुराना पासपोर्ट और पहचान पत्र रद्द कर दिया गया था। वहीं, उनकी पार्टी अवामी लीग पर भी प्रतिबंध लगा हुआ है।
लौटते ही गिरफ्तारी का खतरा
हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश सरकार का रुख सख्त है। एक बांग्लादेशी मंत्री ने रॉयटर्स को बताया कि अगर हसीना देश लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। मंत्री के मुताबिक, उनकी वापसी के लिए भारत से विमान भेजने पर कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है।
नवंबर 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। उन पर जुलाई 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसक कार्रवाई का आदेश देने का आरोप था। हसीना ने इन आरोपों से इनकार किया है।