KNEWS DESK- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी स्कूली बच्चों से भरी बस में तेज रफ्तार आलू लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 बच्चे घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके अंदर बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
टॉयलेट जाने के लिए सड़क किनारे रोकी गई थी बस
हादसा एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 210 के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बस कौशांबी के एक निजी स्कूल की थी और इसमें करीब 50 छात्र तथा छह शिक्षक सवार थे। सभी बच्चे मथुरा से टूर करके कौशांबी लौट रहे थे। मंगलवार सुबह बस जब एक्सप्रेसवे पर पहुंची तो चालक ने टॉयलेट जाने के लिए वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसी दौरान आगरा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे आलू लदे ट्रक ने खड़ी बस में टक्कर मार दी।
बस में फंसे बच्चों को निकाला गया
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कई बच्चे बस के अंदर फंस गए। आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही ठठिया थाना पुलिस और कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान चलाकर बच्चों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
मेडिकल कॉलेज पहुंचे डीएम और एसपी
सभी घायलों को कन्नौज के राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायल बच्चों का हाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा।