Knews Desk- भोपाल में 17 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले ने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस को आशंका है कि करीब दो करोड़ रुपये के लालच में किशोर की हत्या की गई। पुलिस अब इस पूरे मामले के पीछे सक्रिय लोगों और संभावित गिरोह का पता लगाने में जुटी है। मामले में एक नाबालिग समेत करीब 13 संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है।
किशोर श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र के इकबाल मैदान इलाके में पेन और कॉपी बेचकर परिवार का गुजारा चलाता था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। 6 अगस्त को वह अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
11 अगस्त को छोटे तालाब के पास एक अज्ञात शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। शव की स्थिति खराब होने के कारण तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी। बाद में कपड़ों और चप्पलों के आधार पर 14 अगस्त को परिजनों ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच आगे बढ़ाई।
शरीर का हिस्सा गायब होने से बढ़ा शक
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि किशोर के शरीर का एक हिस्सा गायब है। इसी आधार पर पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं उसके शरीर के अंग को अलग कर विदेश भेजने की कोई साजिश तो नहीं थी। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या नाबालिगों को करोड़ों रुपये कमाने का लालच देकर इस कथित नेटवर्क में शामिल किया जा रहा था।
पुलिस ने अब तक करीब 13 लोगों से पूछताछ की है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित सौदे के पीछे कौन लोग हैं और विदेश भेजने की योजना किसने बनाई थी।
इसी दौरान एक अन्य 17 वर्षीय किशोर ने भी अपनी हत्या की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
कई टीमें जांच में जुटीं
एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, मामले की जांच के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस अंगों को विदेश भेजने की आशंका समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस का फोकस किशोर के शरीर के लापता हिस्से को बरामद करने और पूरी साजिश की कड़ी जोड़ने पर है। जांच पूरी होने के बाद मामले में और भी अहम खुलासे होने की उम्मीद है।