Knews Desk – भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने क्रिकेट के मैदान के बाद अब राजनीति में नई पारी शुरू कर दी है। 21 नवंबर को चहल भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। उन्हें बीजेपी के राष्ट्रीय OBC मोर्चा की कार्यसमिति में दिल्ली प्रदेश से विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। चहल ने हाल ही में फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लिया था, हालांकि वह अभी भी छोटे फॉर्मेट के क्रिकेट में सक्रिय हैं।
BJP के OBC मोर्चा में मिली जिम्मेदारी
बीजेपी ने अपने राष्ट्रीय OBC मोर्चा की कार्यसमिति में कई बदलाव किए हैं। इसी बदलाव के तहत 36 वर्षीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को दिल्ली प्रदेश से कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। हरियाणा के गुरुग्राम से आने वाले चहल के इस राजनीतिक कदम के बाद अब उनके चुनावी राजनीति में उतरने की संभावनाओं को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, इस मामले पर चहल की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
दो साल से टीम इंडिया से बाहर
युजवेंद्र चहल ने जून 2016 में वनडे और टी20 फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया था। वह लंबे समय तक दोनों फॉर्मेट में भारतीय टीम का हिस्सा रहे और 2019 वर्ल्ड कप में भी खेले। अगस्त 2023 में उन्होंने टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी मैच खेला। इसके बाद वह टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
चहल ने भारत के लिए 72 वनडे मैचों में 121 विकेट और 80 टी20 मैचों में 96 विकेट हासिल किए हैं। वह अभी भी IPL और घरेलू क्रिकेट में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रहे हैं। IPL में वह पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं और फ्रेंचाइजी ने उन्हें IPL 2027 सीजन के लिए रिटेन किया है। चहल IPL इतिहास के सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्होंने 4 टीमों के लिए खेलते हुए 188 मैचों में 233 विकेट लिए हैं। हाल ही में वह 400 टी20 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज भी बने हैं।