BJP सांसद रामराव वडकुते का निधन, 72 साल की उम्र में AIIMS में ली अंतिम सांस

Knews Desk – महाराष्ट्र से भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वडकुते का निधन हो गया। उन्होंने 72 साल की उम्र में दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में अंतिम सांस ली। सीने में दर्द और तकलीफ के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।

बताया जा रहा है कि रात करीब 1 बजे रामराव वडकुते को सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई थी। इसके बाद उन्हें तत्काल दिल्ली AIIMS ले जाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके निधन की खबर से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है।

अप्रैल 2026 में राज्यसभा सांसद बने थे

रामराव वडकुते महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के रहने वाले थे और मराठवाड़ा क्षेत्र में धनगर समाज के प्रमुख नेताओं में उनकी पहचान थी। बीजेपी ने मार्च 2026 में उन्हें महाराष्ट्र से राज्यसभा उम्मीदवार बनाया था। इसके बाद 6 अप्रैल 2026 को उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी।

इससे पहले रामराव वडकुते महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य भी रह चुके थे। साल 2019 में उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था। इसके बाद वह जालना ग्रामीण के बीजेपी जिला प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।

धनगर और OBC समुदाय में थी प्रमुख पहचान

रामराव वडकुते का राजनीतिक आधार महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में रहा। परभणी और हिंगोली इलाके में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती थी। वह धनगर समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख नेताओं में गिने जाते थे।

उनकी पहचान एक प्रखर, अनुभवी और निष्कलंक राजनेता के रूप में थी। उनके राजनीतिक सफर में संगठनात्मक काम और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की भूमिका रही।

रामराव वडकुते का संसदीय कार्यकाल शुरू हुए अभी कुछ ही महीने हुए थे। उनके निधन से बीजेपी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है। पार्टी नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया और उनके राजनीतिक योगदान को याद किया।

महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के कलमनुरी क्षेत्र से आने वाले वडकुते मराठवाड़ा में धनगर और OBC समुदाय के प्रमुख प्रतिनिधियों में शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *