Knews Desk– इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने ICC ODI World Cup 2027 के लिए डायरेक्ट क्वालिफिकेशन की प्रक्रिया और कट-ऑफ डेट का ऐलान कर दिया है। आईसीसी के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक जारी होने वाली वनडे टीम रैंकिंग के आधार पर सीधे वर्ल्ड कप में जगह मिलने वाली टीमों का फैसला होगा। इस घोषणा के बाद दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मौजूदा रैंकिंग को देखते हुए कैरेबियाई टीम पर लगातार दूसरे वनडे वर्ल्ड कप से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।वनडे वर्ल्ड कप 2027 का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होगा। मेजबान होने के कारण दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को पहले ही सीधे एंट्री मिल चुकी है। इसके अलावा आईसीसी की तय कट-ऑफ डेट तक वनडे रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर रहने वाली आठ टीमें भी सीधे मुख्य टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई करेंगी। बाकी टीमों को क्वालिफायर टूर्नामेंट के जरिए अपनी जगह बनानी होगी।
आईसीसी का डायरेक्ट क्वालिफिकेशन नियम काफी स्पष्ट है। मेजबान देशों के अलावा कट-ऑफ डेट तक वनडे रैंकिंग में शीर्ष आठ स्थान हासिल करने वाली फुल मेंबर टीमें वर्ल्ड कप का टिकट पक्का करेंगी। इसलिए अगले कुछ महीनों में खेले जाने वाले वनडे मुकाबले कई टीमों के लिए बेहद अहम साबित होने वाले हैं, क्योंकि हर जीत और हार का असर सीधे रैंकिंग पर पड़ेगा।मौजूदा आईसीसी वनडे रैंकिंग के अनुसार भारत, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमें सीधे क्वालिफिकेशन की दौड़ में काफी आगे हैं। इनके अलावा अफगानिस्तान और बांग्लादेश भी शीर्ष आठ में जगह बनाने के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। यदि रैंकिंग में बड़ा उलटफेर नहीं होता है तो इन टीमों के सीधे वर्ल्ड कप में पहुंचने की संभावना काफी मजबूत है।
सबसे ज्यादा चिंता वेस्टइंडीज को लेकर है। दो बार की विश्व चैंपियन टीम फिलहाल वनडे रैंकिंग में 10वें स्थान पर है। इसका मतलब है कि अगर 30 सितंबर 2026 तक वह अपनी रैंकिंग में सुधार नहीं कर पाती, तो उसे एक बार फिर क्वालिफायर टूर्नामेंट खेलना पड़ेगा। यह वही स्थिति होगी, जिसका सामना टीम ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप से पहले किया था, जब वह क्वालिफायर में हारकर पहली बार विश्व कप के मुख्य टूर्नामेंट में जगह बनाने से चूक गई थी।