KNEWS DESK- आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने एक बार फिर दमदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। रजत पाटीदार की कप्तानी में खेल रही बेंगलुरु ने क्वालिफायर-1 में 92 रन से जीत दर्ज की और लगातार दूसरी बार खिताबी मुकाबले में एंट्री कर ली।
इस मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में गुजरात टाइटंस की टीम 162 रन पर ही सिमट गई। आरसीबी की यह जीत सिर्फ एक मुकाबले की जीत नहीं, बल्कि खिताब की ओर एक बड़ा संकेत मानी जा रही है।
आरसीबी की इस जीत के बाद एक दिलचस्प आंकड़ा भी सामने आया है। आईपीएल के पिछले 8 सीजन (2018 से 2025 तक) में यह देखा गया है कि जो भी टीम क्वालिफायर-1 जीतकर सीधे फाइनल में पहुंचती है, वही टीम आगे जाकर खिताब जीतती है।
इस ट्रेंड में चेन्नई सुपर किंग्स (2018, 2021, 2023), मुंबई इंडियंस (2019, 2020), गुजरात टाइटंस (2022), कोलकाता नाइट राइडर्स (2024) और खुद RCB (2025) शामिल रही हैं। अब 2026 में आरसीबी ने एक बार फिर क्वालिफायर-1 जीतकर फाइनल में कदम रख दिया है, जिससे फैंस की उम्मीदें और बढ़ गई हैं।
पिछले सीजन में भी रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने क्वालालिफायर-1 जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी और अब टीम ने उसी प्रदर्शन को दोहराया है। यह लगातार दूसरा मौका है जब बेंगलुरु फाइनल में पहुंची है, जिससे टीम का आत्मविश्वास चरम पर है। अगर आरसीबी इस बार भी खिताब जीतती है, तो वह चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बाद लगातार दो आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली केवल तीसरी टीम बन जाएगी।
हालांकि अभी फाइनल में आरसीबी का सामना किससे होगा, यह तय होना बाकी है। एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगी, जबकि दूसरे क्वालिफायर में गुजरात टाइटंस की भिड़ंत एलिमिनेटर विजेता से होगी। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या आरसीबी अपना खिताब बचा पाएगी या फिर कोई नई टीम इतिहास बदल देगी।