IPL 2026: हार्दिक पंड्या पर BCCI का एक्शन, केकेआर मैच में नाराजगी जताने पर लगा जुर्माना

KNEWS DESK- आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में न सिर्फ हार का सामना करना पड़ा, बल्कि उनके व्यवहार के चलते BCCI की कार्रवाई भी झेलनी पड़ी। इस मैच में टीम की हार के बाद पंड्या पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

यह मामला कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी के 10वें ओवर से जुड़ा है। ओवर की चौथी गेंद के बाद जब हार्दिक पंड्या अपने रन-अप की ओर लौट रहे थे, तब गुस्से में उन्होंने विकेट पर लगी बेल्स को हाथ से गिरा दिया। मैदान पर इस तरह के व्यवहार को अनुशासनहीनता माना गया और इसी वजह से उन पर कार्रवाई की गई।

BCCI ने उन्हें आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट की धारा 2.2 के तहत दोषी पाया है, जो मैदान पर क्रिकेट उपकरणों या पिच से जुड़ी वस्तुओं को नुकसान पहुंचाने या अनुचित तरीके से व्यवहार करने से संबंधित है। हार्दिक पंड्या ने मैच रेफरी राजीव सेठ के सामने अपनी गलती स्वीकार कर ली, जिसके बाद मामले में आगे किसी अतिरिक्त सजा की जरूरत नहीं पड़ी।

मैच की बात करें तो हार्दिक पंड्या का प्रदर्शन भी खास नहीं रहा। उन्होंने बल्लेबाजी में 27 गेंदों पर केवल 26 रन बनाए, जिसमें 1 छक्का और 2 चौके शामिल थे। गेंदबाजी में उन्होंने 2 ओवर में 13 रन दिए, लेकिन कोई विकेट हासिल नहीं कर सके। इस तरह वह टीम के लिए बल्ले और गेंद दोनों से खास योगदान नहीं दे पाए।

IPL 2026 में अब तक हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा है। उन्होंने इस सीजन 9 मुकाबले खेले हैं, जिनमें टीम को सिर्फ 2 मैचों में जीत मिली है। व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो पंड्या ने इन 9 मैचों में 172 रन बनाए हैं और गेंद से 4 विकेट हासिल किए हैं।

इस घटना ने एक बार फिर मुंबई इंडियंस की मुश्किलों को बढ़ा दिया है, जहां कप्तान का फॉर्म और टीम का प्रदर्शन दोनों ही चिंता का विषय बने हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *