पश्चिम बंगाल के सभी मदरसों में ‘वंदे मातरम्’ अनिवार्य, सरकार ने जारी किया आदेश

Knews Desk -पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के सभी मदरसों में ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य कर दिया है। इस संबंध में मदरसा शिक्षा निदेशालय की ओर से 19 मई 2026 को आधिकारिक आदेश जारी किया गया। नए निर्देश के अनुसार अब सभी मदरसों में कक्षाएं शुरू होने से पहले होने वाली प्रार्थना सभा में ‘वंदे मातरम्’ गाना जरूरी होगा।

जारी आदेश में कहा गया है कि इससे पहले प्रार्थना को लेकर जारी सभी पुराने निर्देश और प्रथाएं अब निरस्त मानी जाएंगी। नए नियम को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार के इस फैसले को शिक्षा व्यवस्था और राष्ट्रगीत के सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है।

यह आदेश राज्य के सभी सरकारी मॉडल मदरसों (इंग्लिश मीडियम), मान्यता प्राप्त सरकारी सहायता प्राप्त मदरसों, अप्रूव्ड MSK, अप्रूव्ड SSK और मान्यता प्राप्त गैर सहायता प्राप्त मदरसों पर लागू होगा। यानी पश्चिम बंगाल में संचालित लगभग सभी श्रेणी के मदरसे अब इस आदेश के दायरे में आएंगे।

मदरसा शिक्षा निदेशक की ओर से जारी आदेश की प्रतियां सभी जिलाधिकारियों, जिला शिक्षा अधिकारियों, West Bengal Board of Madrasah Education और संबंधित विभागों को भेज दी गई हैं। आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यह फैसला सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद लिया गया है।

सरकार के इस फैसले के बाद राज्य की राजनीति में भी हलचल तेज हो सकती है। माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर अलग-अलग राजनीतिक दलों और संगठनों की प्रतिक्रियाएं सामने आ सकती हैं। वहीं, सरकार का कहना है कि यह कदम विद्यार्थियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *