टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: हमले से पहले फुटबॉल ग्राउंड की रेकी, रैपिडो ने आरोपी पर दी सफाई

Knews Desk- बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में पुलिस जांच के दौरान नया खुलासा हुआ है। आरोपियों ने वारदात से पहले फुटबॉल ग्राउंड की रेकी की थी। वहीं, आरोपी ऋतिक कुमार के रैपिडो राइडर होने की खबर पर कंपनी ने सफाई देते हुए कहा है कि वह 14 अक्टूबर के बाद से उसके प्लेटफॉर्म पर कैप्टन के तौर पर सक्रिय नहीं था।

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने के मामले में तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों में रेहान रहीउसुद्दीन अंसारी हरियाणा और ऋतिक कुमार उर्फ रोशन बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है, जबकि नाबालिग हरियाणा का निवासी है।

सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने पिछले रविवार को फुटबॉल ग्राउंड पहुंचकर रेकी की थी। उन्होंने यह पता लगाने की कोशिश की थी कि टाइगर श्रॉफ उस दिन वहां मौजूद रहेंगे या नहीं। पुलिस अब फायरिंग से पहले के दिनों में आरोपियों की गतिविधियों और उनकी निगरानी से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी ऋतिक कुमार को लेकर रैपिडो ने बयान जारी किया है। कंपनी ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि उसे राहत है कि टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं। कंपनी के मुताबिक, मीडिया में जिस व्यक्ति का जिक्र किया जा रहा है, वह 14 अक्टूबर के बाद से रैपिडो प्लेटफॉर्म पर कैप्टन के तौर पर सक्रिय नहीं था। कंपनी ने यह भी कहा कि गिग इकोनॉमी में लोगों का एक साथ कई प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत होना आम है। घटना वाले दिन संबंधित व्यक्ति ने रैपिडो की सेवाओं का इस्तेमाल ग्राहक के रूप में किया था।

रैपिडो ने बताया कि वह अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और जांच में सहयोग कर रहा है। कंपनी ने अधिकारियों की मांग पर सभी जरूरी जानकारियां साझा करने और हिंसा तथा आपराधिक गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कही है। फायरिंग की घटना के बाद टाइगर श्रॉफ को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले उनके पास कोई सुरक्षा कवर नहीं था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि घटना के पीछे दहशत फैलाना और वसूली करना मकसद हो सकता है। हालांकि, जांच अभी जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *