टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद उनकी बहन कृष्णा श्रॉफ का एक वीडियो सामने आया है। 19 अक्टूबर को मुंबई में मिस्टर फैजू और तान्या सिद्दिकी के रिसेप्शन में पहुंचीं कृष्णा से पैपराजी ने टाइगर की सेहत को लेकर सवाल किया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और वहां से चली गईं।
Knews Desk – सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैसल शेख उर्फ मिस्टर फैजू और तान्या सिद्दिकी का रिसेप्शन 19 अक्टूबर को मुंबई में आयोजित किया गया। इस समारोह में टीवी से लेकर बॉलीवुड तक के कई सितारों ने शिरकत की। पार्टी में जैकी श्रॉफ की बेटी कृष्णा श्रॉफ भी नजर आईं। खास बात यह है कि रिसेप्शन से एक दिन पहले ही मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना हुई थी। इस घटना के बाद कृष्णा का फैजू के वलीमा में शामिल होने का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह पैपराजी के सवालों को नजरअंदाज करती दिख रही हैं।
सितारों से सजी इस पार्टी में कृष्णा श्रॉफ एरिका पैकर्ड के साथ नजर आईं। उन्हें देखते ही पैपराजी उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाने के लिए पहुंच गई। इसी दौरान पैपराजी ने कृष्णा से उनके भाई टाइगर श्रॉफ की सेहत को लेकर सवाल किया। हालांकि, कृष्णा ने इस सवाल का जवाब देने से परहेज किया और वहां से चली गईं।
भाई टाइगर की हेल्थ पर नहीं दिया कोई जवाब
जब कृष्णा श्रॉफ अपनी कार में बैठने लगीं, तो पैपराजी ने उनसे फायरिंग की घटना के बाद टाइगर श्रॉफ की सेहत के बारे में पूछा। पैपराजी ने कहा, “भाई की हेल्थ कैसी है, थोड़ा हमें बता दें तो। हम सब लोगों की दुआ है।” हालांकि, कृष्णा ने अपने भाई की हालत के बारे में कुछ भी नहीं बताया। उन्होंने सिर्फ विनम्रता से ‘थैंक यू’ कहा और वहां से रवाना हो गईं।
https://www.instagram.com/reels/Der5qxrsYZB/
इस मौके पर कृष्णा श्रॉफ पिंक ब्लाउज के साथ खूबसूरत टील-ग्रीन लहंगे में नजर आईं। मैचिंग दुपट्टे, स्टाइलिश एक्सेसरीज और ग्लैमरस मेकअप में उनका लुक काफी शानदार लग रहा था।
टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग
यह घटना रविवार शाम की है, जब टाइगर श्रॉफ जुहू में फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन हमलावरों ने उनकी कार पर गोलियां चला दीं। इस घटना में टाइगर को मामूली खरोंचें आईं, जबकि उनके ड्राइवर को गोली लगी। ड्राइवर के घायल होने के बाद टाइगर ने खुद कार की कमान संभाली थी। घटना के बाद से ही इस मामले को लेकर चर्चा बनी हुई है।