रितेश देशमुख-सलमान खान की ‘राजा शिवाजी’ का धमाका, 2 दिन में बॉक्स ऑफिस पर की ताबड़तोड़ कमाई

KNEWS DESK – रितेश देशमुख की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘राजा शिवाजी’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही चर्चा का विषय बन गई है। छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित इस ऐतिहासिक फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। रिलीज के सिर्फ दो दिनों में ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत दर्ज कर ली है और अब सभी की नजरें इसके वीकेंड कलेक्शन पर टिकी हैं।

फिल्म में रितेश देशमुख ने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया है। ऐतिहासिक किरदार में उनका लुक और परफॉर्मेंस दोनों ही काफी पसंद किए जा रहे हैं। इसके साथ ही फिल्म में सलमान खान के कैमियो ने भी दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।

‘राजा शिवाजी’ की कहानी भारत के महान योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और उनके संघर्षों पर आधारित है। इससे पहले उनके बेटे छत्रपति संभाजी महाराज पर बनी विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ ने बॉक्स ऑफिस पर 800 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर तहलका मचा दिया था। अब उम्मीद की जा रही है कि ‘राजा शिवाजी’ भी कुछ ऐसा ही बड़ा कमाल कर सकती है।

बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन 11.35 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी। वहीं दूसरे दिन यानी शनिवार को इसने 10.55 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस तरह दो दिनों में फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 21.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

अगर ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने अब तक 26.06 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। हालांकि विदेशों में फिल्म को अभी उतना मजबूत रिस्पॉन्स नहीं मिला है और ओवरसीज कलेक्शन के स्पष्ट आंकड़े सामने नहीं आए हैं।

फिल्म का बजट लगभग 100 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि हिंदी और मराठी दर्शकों के दम पर यह फिल्म कितनी तेजी से अपने बजट को पार कर पाती है।

फिल्म को सलमान खान के कैमियो का भी बड़ा फायदा मिल रहा है। जीवा महाला के किरदार में उनका अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर दर्शक उनके छोटे लेकिन प्रभावशाली रोल की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *