‘रामायण पार्ट 1’ का ट्रेलर रिलीज से पहले लीक? मेकर्स ने उठाया कानूनी कदम

KNEWS DESK – बॉलीवुड की सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल ‘रामायण’ को लेकर हर अपडेट पर फैंस की नजर बनी हुई है। फिल्म की भव्यता और बड़े बजट के कारण यह प्रोजेक्ट लगातार चर्चा में है। लेकिन अब रिलीज से पहले ही फिल्म की टीम को एक मुश्किल का सामना करना पड़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण पार्ट 1’ का ट्रेलर लीक हो गया, जिसके बाद मेकर्स ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित फिल्म के एक खास कार्यक्रम ‘प्रथम संकल्प’ के बाद यह मामला सामने आया। इस इवेंट में फिल्म से जुड़े कलाकारों, निर्माताओं और अन्य मेहमानों को कुछ खास फुटेज दिखाए गए थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी ने मोबाइल से ट्रेलर रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

लीक हुई क्लिप करीब डेढ़ मिनट की बताई जा रही है। जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर सामने आया, फिल्म की टीम एक्टिव हो गई और कई प्लेटफॉर्म्स से इसे हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। मेकर्स अब यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि ट्रेलर की आधिकारिक रिलीज से पहले किसी भी तरह की अनऑफिशियल क्लिप सामने न आए।

बता दें कि ‘रामायण पार्ट 1’ का ऑफिशियल ट्रेलर 24 जुलाई 2026 को रिलीज किया जाएगा। फिल्म की टीम ने अब तक इससे जुड़ी हर जानकारी को बेहद गोपनीय रखा है, क्योंकि इसे दुनियाभर में बड़े स्तर पर रिलीज करने की तैयारी है।

करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही इस मेगा फिल्म में शानदार VFX, एडवांस टेक्नोलॉजी और भव्य सेट्स का इस्तेमाल किया गया है। मेकर्स इस पौराणिक कहानी को ग्लोबल दर्शकों तक पहुंचाने की योजना बना रहे हैं।

फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी दमदार है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं साई पल्लवी सीता के किरदार में दिखाई देंगी। यश रावण का रोल निभा रहे हैं, जबकि काजल अग्रवाल मंदोदरी के किरदार में नजर आएंगी। इसके अलावा सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभाते दिखाई देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *