‘शादी से डर लग रहा है…’ घर बसाने के सवाल पर अक्षरा सिंह ने दिया चौंकाने वाला जवाब

KNEWS DESK – भोजपुरी सिनेमा की पॉपुलर एक्ट्रेस अक्षरा सिंह इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। भोजपुरी फिल्मों और म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के बाद अब वह बॉलीवुड में भी कदम रख चुकी हैं। हाल ही में अक्षय कुमार की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ के गाने ‘घिस घिस’ में नजर आने के बाद उनकी चर्चा और बढ़ गई है। इसी बीच एक्ट्रेस ने अपनी शादी और निजी जिंदगी को लेकर खुलकर बात की है।

हाल ही में एक टीवी कार्यक्रम में पहुंचीं अक्षरा सिंह से जब उनकी शादी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। 32 साल की अक्षरा ने पहले तो हंसते हुए कहा कि क्या सवाल पूछने वाली उनकी पड़ोस वाली चाची हैं, जिन्हें उनकी शादी की इतनी चिंता है। हालांकि बाद में उन्होंने गंभीरता से अपनी बात रखी।

अक्षरा सिंह ने कहा कि मौजूदा हालात देखकर उन्हें शादी को लेकर थोड़ा डर महसूस होता है। उन्होंने कहा, “अभी तो इतना न्यूज सुन रही हूं कि डर भी हो गया है शादी का। लड़का लड़की से डर रहा है और लड़की लड़के से। बहुत अलग तरह का माहौल चल रहा है। ये वातावरण बदलना चाहिए। जब तक ये डर शांत नहीं होगा, तब तक सोचना भी थोड़ा रिस्की है।”

वहीं, बातचीत के दौरान अक्षरा ने अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर को भी याद किया। जब उनसे पूछा गया कि क्या कभी ऐसा लगा कि सबकुछ खत्म हो गया है, तो उन्होंने साल 2018 को अपनी जिंदगी का सबसे कठिन समय बताया।

https://www.instagram.com/p/DbAbSwLSClf/?

अक्षरा ने कहा कि कम उम्र में उन्होंने ऐसा दौर देखा, जिसे वह दोबारा याद नहीं करना चाहतीं। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि उसी मुश्किल समय ने उन्हें मजबूत बनाया और आगे बढ़ने की हिम्मत दी।

गौरतलब है कि साल 2018 में अक्षरा सिंह और भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के रिश्ते को लेकर काफी चर्चा रही थी। दोनों ने कई फिल्मों और गानों में साथ काम किया था और एक समय पर दोनों के रिश्ते की खबरें भी सामने आती थीं। बाद में दोनों अलग हो गए और पवन सिंह ने ज्योति सिंह से शादी कर ली। इस पूरे मामले ने उस वक्त खूब सुर्खियां बटोरी थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *