KNEWS DESK – 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स के ऐलान के बाद फिल्म इंडस्ट्री में जश्न का माहौल है। अवॉर्ड जीतने वाले कलाकारों और फिल्मों को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। इसी कड़ी में पैन इंडिया स्टार अल्लू अर्जुन ने भी सभी विजेताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खास तौर पर अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ से जुड़े कलाकारों की जीत पर खुशी जाहिर की।
72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में कार्तिक आर्यन को फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ और ममूटी को ‘ब्रह्मयुगम’ के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला, जबकि यामी गौतम ने ‘आर्टिकल 370’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार अपने नाम किया। वहीं, राजकुमार राव स्टारर ‘श्रीकांत’ को बेस्ट हिंदी फिल्म चुना गया।
अल्लू अर्जुन ने विजेताओं को दी बधाई
अल्लू अर्जुन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए सभी अवॉर्ड विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने ममूटी, कार्तिक आर्यन और यामी गौतम की तारीफ करते हुए कहा कि वे इस सम्मान के पूरी तरह हकदार हैं।
अल्लू अर्जुन ने लिखा कि 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स के सभी विजेताओं को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। उन्होंने ममूटी और कार्तिक आर्यन को बेस्ट एक्टर अवॉर्ड जीतने पर और यामी गौतम को बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिलने पर बधाई दी।
‘पुष्पा 2’ की टीम की जीत पर जताई खुशी
अल्लू अर्जुन ने अपनी फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ की टीम की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने फिल्म के निर्देशक सुकुमार को बेस्ट स्क्रीनप्ले अवॉर्ड जीतने पर बधाई दी। इसके अलावा कॉस्ट्यूम डिजाइन के लिए दीपाली नूर और शीतल शर्मा को मिले सम्मान पर भी खुशी जाहिर की।
उन्होंने कहा कि ‘पुष्पा 2’ से जुड़े सभी लोगों की मेहनत को यह अवॉर्ड पहचान देता है और वह अपनी पूरी टीम के लिए बेहद खुश हैं।
तेलुगु सिनेमा की उपलब्धियों पर जताया गर्व
अल्लू अर्जुन ने तेलुगु सिनेमा के कई कलाकारों और फिल्मों की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय सिनेमा को इस तरह आगे बढ़ते देखना गर्व की बात है। उन्होंने ‘कल्कि’ को मिले अवॉर्ड, ‘लकी भास्कर’ के लिए डायरेक्टर वेंकी अतलुरी को मिले सम्मान और ‘35 Chinna Katha Kaadu’ की जीत का भी जिक्र किया।
उन्होंने सभी विजेताओं को दोबारा बधाई देते हुए भारतीय सिनेमा के बेहतरीन काम का जश्न मनाने की अपील की।
‘राका’ की शूटिंग में व्यस्त हैं अल्लू अर्जुन
वर्कफ्रंट की बात करें तो अल्लू अर्जुन इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘राका’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। साइंस फिक्शन फैंटेसी एक्शन जॉनर की इस फिल्म का निर्देशन एटली कर रहे हैं। फिल्म में अल्लू अर्जुन के साथ दीपिका पादुकोण पहली बार मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।