Knews Desk- तेलंगाना के नलगोंडा जिले के मुनकुंतला गांव में सामने आई दो संदिग्ध मौतों की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। कुछ ही घंटों के अंतराल में एमबीबीएस की छात्रा और एक युवक की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों को आपस में जोड़कर जांच कर रही है।
नलगोंडा जिले के कट्टनगुरु मंडल स्थित मुनकुंतला गांव की रहने वाली लक्ष्मी प्रसन्ना सूर्यापेट सरकारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा थीं। शुक्रवार को वह अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिलीं। घटना के वक्त घर पर कोई मौजूद नहीं था। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक का माहौल छा गया।
कुछ घंटे बाद पेड़ से लटका मिला युवक का शव
लक्ष्मी प्रसन्ना की मौत के कुछ घंटे बाद ही गांव के युवक चरण का शव गांव के बाहरी इलाके में एक ताड़ के पेड़ से लटका हुआ मिला। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। बताया जा रहा है कि छात्रा की मौत की जानकारी मिलने के बाद चरण काफी तनाव में था।
छात्रा के परिवार ने जताई हत्या की आशंका
मामले में नया मोड़ तब आया जब लक्ष्मी प्रसन्ना के परिवार ने उसकी मौत को आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है और इस मामले में चरण की भूमिका हो सकती है। परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिता की कब्र पर खून से लिखे नाम
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आत्महत्या करने से पहले चरण ने अपने पिता की कब्र पर खून से कुछ नाम लिखे थे। इस घटना ने पूरे मामले को और उलझा दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन नामों का इस पूरे घटनाक्रम से क्या संबंध है।
मोबाइल चैट और कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
पुलिस दोनों मौतों के बीच किसी संभावित कड़ी की तलाश कर रही है। जांच के लिए दोनों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, चैट हिस्ट्री, रिश्तेदारों और दोस्तों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके अलावा फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।
सब-इंस्पेक्टर रविंदर के मुताबिक, अभी तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही दोनों मौतों की असली वजह सामने आ सकेगी।