मुंबई में टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग के मामले में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक को लेकर नया खुलासा हुआ है। आरोपियों ने बाइक 25 हजार रुपये में खरीदी थी, लेकिन आरसी और अन्य दस्तावेजों का ट्रांसफर नहीं कराया गया था।
Knews Desk – मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक को लेकर नया खुलासा सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने पल्सर बाइक 25 हजार रुपये में खरीदी थी, लेकिन आरसी और अन्य दस्तावेजों का ट्रांसफर नहीं हुआ था। जांच में सामने आया है कि बाइक को नवरात्रि का हवाला देकर जानबूझकर ट्रांसफर नहीं कराया गया था।
बताया जा रहा है कि पीले रंग की पल्सर बाइक पहले जोगेश्वरी के एक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड थी। पहले मालिक ने इसे दूसरे व्यक्ति को बेचा और फिर दूसरे व्यक्ति ने बाइक तीसरे मालिक को बेच दी थी। जानकारी के मुताबिक, तीसरे मालिक को बाइक की पूरी रकम मिल गई थी, लेकिन आरसी और अन्य दस्तावेजों का ट्रांसफर नवरात्रि के बाद करने का फैसला हुआ था।
इसी बीच आरोपियों ने कथित तौर पर इसी बाइक का इस्तेमाल टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की वारदात में किया। मुंबई पुलिस बाइक के मालिक से पूछताछ कर रही है। वहीं, पुलिस ने वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को 15 घंटे के अंदर सोमवार को कोटा रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया था। इनमें एक आरोपी बिहार के बेगूसराय का और दो अन्य हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं।
आरोपियों को फिलहाल कोटा की रेलवे कॉलोनी पुलिस स्टेशन में रखा गया है। मुंबई पुलिस की टीम ने तीनों आरोपियों से रात में कई राउंड पूछताछ की। मुंबई पुलिस की टीम कोटा में दो अलग-अलग होटलों में ठहरी हुई है। संभावना जताई जा रही है कि मुंबई पुलिस आरोपियों को सड़क मार्ग से अपने साथ लेकर जाएगी। वहीं, राजधानी ट्रेन से भी कोटा से मुंबई जाया जा सकता है।
मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम को तीनों आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की थी। इस घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए, जबकि उनका चालक और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक पोस्ट में विदेश में बैठे गैंगस्टर अनिल पंडित ने हमले की जिम्मेदारी ली है। उसे लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का कथित सहयोगी माना जाता है।