7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी भी उन्होंने खुद लिखी है। फिल्म की कहानी उनकी चर्चित किताब ‘डिवाइन डिटूर: दैट चेंज्ड माय लाइफ’ पर आधारित है। इसकी मूल प्रेरणा पूज्य संत नीम करौली बाबा के त्याग और उनके पावन आध्यात्मिक सफर से जुड़ी है। भारत में रिलीज के शुरुआती दिनों में फिल्म को काफी शांत रिस्पॉन्स मिला था, लेकिन माउथ पब्लिसिटी के चलते तीसरे हफ्ते से इसकी कमाई ने रफ्तार पकड़ ली।
Knews Desk – विदेशों में ‘हनुमान अंश’ 11 सितंबर को रिलीज हुई। फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसमें कोई बड़ा सुपरस्टार नहीं है। नए और सुलझे हुए कलाकारों के साथ फिल्म ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। फिल्म में शोभिनव सत्या ने नीम करौली बाबा का किरदार निभाया है, जबकि विहान शेडगे ने बाबा के बचपन की भूमिका निभाई है। इनके अलावा चंदन आनंद, अनिल रस्तोगी, पूर्णिमा तिवारी, हनी बख्शी, भगवान दास पटेल और नेहा परांजपे जैसे कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं।
‘हनुमान अंश’ में नीम करौली बाबा के शुरुआती जीवन के संघर्ष और उनकी आध्यात्मिक खोज को पर्दे पर दिखाया गया है। फिल्म में बताया गया है कि मां के निधन के बाद बहुत कम उम्र में बालक लक्ष्मी नारायण घर-परिवार छोड़कर प्रभु की तलाश में निकल पड़ते हैं। उत्तर भारत के अलग-अलग बीहड़ों, जंगलों और अनजान रास्तों से गुजरते हुए उनका यह सफर धीरे-धीरे उन्हें आध्यात्मिक मार्ग की ओर ले जाता है।
यही कठिन साधना आगे चलकर उन्हें नीम करौली बाबा के रूप में स्थापित करती है। फिल्म की कहानी निस्वार्थ सेवा, गहरी भक्ति, अटूट आस्था और जीवन के आंतरिक बदलाव के इर्द-गिर्द बुनी गई है। फिल्म का बजट और इसकी कमाई दोनों ही चर्चा में हैं। ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक, विशाल चतुर्वेदी की इस फिल्म को बनाने में करीब 1.8 से 2 करोड़ रुपये का खर्च आया। शुरुआत में फिल्म को कम थिएटर्स और स्क्रीन मिले थे, जिसके चलते पहले दिन इसकी कमाई सिर्फ 10 लाख रुपये रही थी।
इसके बाद दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा बढ़ती गई। सोशल मीडिया और आपसी बातचीत के जरिए फिल्म को माउथ पब्लिसिटी मिली और सिनेमाघरों में इसके शोज भी बढ़ते चले गए। सैकनिल्क के मुताबिक, कम लागत में बनी यह फिल्म अब बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हो चुकी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के 51वें दिन भी ‘हनुमान अंश’ ने करीब 6.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। फिल्म ने शुरुआती 50 दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 298.03 करोड़ रुपये का नेट बिजनेस पूरा कर लिया था, जबकि इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन लगभग 352.10 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया।
फिल्म घरेलू स्तर पर जल्द ही 300 करोड़ रुपये के नेट क्लब में शामिल होने की ओर बढ़ रही है। इससे पहले 47वें दिन तक सैकनिल्क के ट्रैकिंग डेटा में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 280.93 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। घरेलू बॉक्स ऑफिस के अलावा फिल्म को विदेशी दर्शकों से भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने विदेशी थिएटर्स से अब तक करीब 37.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इसके साथ ही ‘हनुमान अंश’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 389.85 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यानी फिल्म 400 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड कलेक्शन के आंकड़े से कुछ ही दूरी पर है। महज करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म के लिए यह कमाई बेहद बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।