2 करोड़ की ‘हनुमान अंश’ ने मचाया तहलका, क्या 51 साल पुराना ‘जय संतोषी मां’ वाला इतिहास दोहराएगी?

KNEWS DESK – महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा कमाल कर दिखाया है, जिसकी उम्मीद शायद मेकर्स ने भी नहीं की होगी। फिल्म ने रिलीज के 26वें दिन तक भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 55 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। फिल्म की कमाई को देखकर इसकी तुलना करीब पांच दशक पहले आई धार्मिक फिल्म ‘जय संतोषी मां’ से की जा रही है।

‘हनुमान अंश’ की कहानी प्रसिद्ध संत नीम करोली बाबा के जीवन और उनके चमत्कारों से जुड़ी है। बाबा को मानने वालों में आम लोगों के साथ-साथ कई बड़ी हस्तियां भी शामिल रही हैं। यही वजह है कि फिल्म के प्रति दर्शकों में खास तरह की श्रद्धा देखने को मिल रही है।

पहले दिन सिर्फ 355 शोज, अब 7000 के पार

‘हनुमान अंश’ की खास बात इसका लगातार बढ़ता स्क्रीन काउंट है। फिल्म को रिलीज के पहले दिन महज 355 शोज मिले थे, लेकिन 26वें दिन तक यह आंकड़ा 7000 से ज्यादा हो गया।

कम बजट और बिना बड़े स्टार्स वाली इस फिल्म की कमाई ने इंडस्ट्री का ध्यान अपनी ओर खींचा है। फिल्म के ज्यादातर कलाकारों को दर्शक पहले से नहीं जानते थे, फिर भी भक्ति और नीम करोली बाबा से जुड़ी आस्था ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक पहुंचाया।

‘जय संतोषी मां’ की याद आई

‘हनुमान अंश’ की सफलता की तुलना ‘जय संतोषी मां’ से इसलिए की जा रही है क्योंकि दोनों फिल्मों में बड़े स्टार्स या भारी-भरकम प्रचार अभियान नहीं था। इसके बावजूद धार्मिक आस्था ने दोनों फिल्मों को दर्शकों तक पहुंचाया।

‘जय संतोषी मां’ करीब 25-30 लाख रुपये के बजट में बनी थी और उसने उस दौर में ‘शोले’ जैसी बड़ी मल्टीस्टारर फिल्म के सामने शानदार प्रदर्शन किया था। ‘हनुमान अंश’ के मामले में भी दर्शक इसे केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि आस्था और भक्ति से जोड़कर देख रहे हैं।

पहली फिल्म बना रहे हैं विशाल चतुर्वेदी

‘हनुमान अंश’ को विशाल चतुर्वेदी ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म की पटकथा उनकी किताब ‘Divine Detour’ पर आधारित है। खास बात ये है कि विशाल पेशे से डॉक्टर रहे हैं और पहली बार फिल्म मेकिंग में उतरे हैं।

फिल्म में शोभिनव सत्या ने नीम करोली बाबा की भूमिका निभाई है। उनके अलावा चंदन आनंद, निखिल दुबे, उदय सिंह राजपूत और अनिल रस्तोगी जैसे कलाकार नजर आते हैं। इनमें से ज्यादातर नाम दर्शकों के लिए नए हैं।

फिल्म के प्रचार में भी कोई बड़ा बजट नहीं लगाया गया। सोशल मीडिया और दर्शकों की आपसी चर्चा ने फिल्म को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।

दर्शक फिल्म में दिखाई गई नीम करोली बाबा से जुड़ी चमत्कारों की कहानियों को एक-दूसरे से साझा कर रहे हैं। धीरे-धीरे यही चर्चा फिल्म के लिए प्रचार का काम कर रही है।

क्या दिखाया गया है फिल्म में?

‘हनुमान अंश’ में बड़े स्तर के VFX और CGI के बजाय कहानी और घटनाओं पर ज्यादा ध्यान दिया गया है। फिल्म में नीम करोली बाबा के जीवन से जुड़े कई प्रसंग और चमत्कार दिखाए गए हैं।

कहानी में बाबा के बचपन से लेकर उनकी साधना और अलौकिक शक्तियों से जुड़े प्रसंग शामिल हैं। फिल्म में यह भी दिखाया गया है कि बाबा प्रकृति और जीव-जंतुओं के साथ किस तरह संवाद करते थे।

नीम करोली बाबा से जुड़ी हस्तियों का भी असर

नीम करोली बाबा के भक्तों की सूची में कई चर्चित नाम शामिल रहे हैं। एप्पल के स्टीव जॉब्स, फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग, हॉलीवुड अभिनेत्री जूलिया रॉबर्ट्स, बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और क्रिकेटर विराट कोहली जैसे नाम उनसे जुड़े बताए जाते हैं।

अभिनेता मनोज बाजपेयी के बारे में भी बताया जाता है कि ‘द फैमिली मैन’ शुरू करने से पहले वह कैंची धाम गए थे।

यही आस्था और चमत्कार से जुड़ी कहानियां ‘हनुमान अंश’ को दर्शकों के बीच खास बना रही हैं। बिना बड़े सितारों और भारी बजट के करीब 55 करोड़ की कमाई तक पहुंचना फिल्म के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *