KNEWS DESK – लंबे समय बाद अभिनेत्री ईशा देओल बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। इस बार वह अपने फैंस के लिए कुछ बिल्कुल अलग लेकर आ रही हैं। ईशा की आगामी फिल्म ‘घूंघट’ एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म है, जिसके जरिए वह पहली बार इस अनोखे जॉनर में नजर आएंगी। फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शकों के बीच इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
हाल ही में ईशा देओल ने अपनी नई फिल्म को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि कॉमेडी और हॉरर दोनों ही ऐसे जॉनर हैं, जिन्हें वह पहले अलग-अलग रूप में कर चुकी हैं, लेकिन दोनों का मिश्रण उनके लिए एक नया अनुभव है। उनके मुताबिक, फिल्म की कहानी में मनोरंजन के साथ-साथ एक मजबूत सामाजिक संदेश भी छिपा हुआ है।
फिल्म ‘घूंघट’ का निर्देशन राजीव एस. रुइया कर रहे हैं। कहानी एक रहस्यमयी गांव जांगीपुरा के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां अतीत की एक भयावह घटना पूरे गांव के लिए अभिशाप बन जाती है। इसके बाद शुरू होता है डर, रहस्य और हास्य से भरपूर घटनाओं का सिलसिला, जो दर्शकों को बांधे रखने का वादा करता है।
ईशा का कहना है कि फिल्म सिर्फ डराने या हंसाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें भावनात्मक पहलू भी है। यही वजह है कि उन्हें इस कहानी ने सबसे ज्यादा आकर्षित किया। मेकर्स का दावा है कि फिल्म दर्शकों को एक अलग सिनेमाई अनुभव देगी, जिसमें लोककथाओं, रहस्य और मनोरंजन का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा।
https://www.instagram.com/reels/DXLnB-JjSSI/
वर्कफ्रंट की बात करें तो ईशा देओल ने साल 2002 में बॉलीवुड में कदम रखा था और कई फिल्मों में अपनी अभिनय क्षमता साबित की। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में वह फिल्मों से ज्यादा अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में रहीं। अब ‘घूंघट’ के जरिए वह एक बार फिर दर्शकों के बीच दमदार वापसी की तैयारी कर रही हैं।
हॉरर-कॉमेडी फिल्मों की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए ‘घूंघट’ से भी काफी उम्मीदें लगाई जा रही हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि ईशा देओल का यह नया अवतार दर्शकों को कितना पसंद आता है।