KNEWS DESK – ‘बिग बॉस’ फेम नेहल चुडासमा इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। वजह उनका कोई नया शो या प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर शेयर की गई एक पोस्ट है। इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस के बीच उनकी शादी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

हाल ही में नेहल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह दुल्हन के अंदाज में नजर आ रही हैं। लाल रंग के खूबसूरत लहंगे, हाथों में मेहंदी और पारंपरिक लुक में उनकी तस्वीरों ने फैंस का ध्यान खींच लिया। इतना ही नहीं, एक फोटो में वह किसी शख्स का हाथ थामे दिखाई दे रही हैं, जिससे अटकलों का दौर और तेज हो गया।

पोस्ट के साथ नेहल ने ऐसा कैप्शन लिखा, जिसने लोगों की जिज्ञासा और बढ़ा दी। इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स यह कयास लगाने लगे कि शायद उन्होंने अपने कथित बॉयफ्रेंड अमीन घेशमती के साथ शादी कर ली है। हालांकि अभिनेत्री की ओर से अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

मामले को और दिलचस्प तब बना दिया जब कई सेलेब्स और दोस्तों ने पोस्ट पर बधाई भरे कमेंट किए। खास तौर पर जैद दरबार के कमेंट ने लोगों का ध्यान खींचा, जिसके बाद शादी की चर्चाओं को और बल मिला। कई फैंस भी कमेंट सेक्शन में लगातार पूछ रहे हैं कि क्या नेहल ने सच में शादी कर ली है।

गौरतलब है कि नेहल चुडासमा का नाम लंबे समय से ईरानी मॉडल और इन्फ्लुएंसर अमीन घेशमती के साथ जोड़ा जाता रहा है। दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया है, लेकिन उन्होंने कभी सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते की पुष्टि नहीं की।
फिलहाल नेहल की पोस्ट ने सोशल मीडिया पर उत्सुकता बढ़ा दी है। हालांकि जब तक अभिनेत्री खुद इस बारे में कोई घोषणा नहीं करतीं, तब तक शादी की खबरों को महज अटकलें ही माना जाएगा। कुछ लोगों का मानना है कि यह किसी फोटोशूट या प्रोफेशनल प्रोजेक्ट का हिस्सा भी हो सकता है। अब फैंस को नेहल की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है।