‘कॉकटेल 2’ को मिला A सर्टिफिकेट, कृति सेनन के 12 साल के करियर में पहली बार हुआ ऐसा

KNEWS DESK – शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर ‘कॉकटेल 2’ इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म की रिलीज में अब सिर्फ कुछ दिन बाकी हैं और इसी बीच सेंसर बोर्ड से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म को ‘A’ सर्टिफिकेट जारी किया है। इसके साथ ही यह कृति सेनन के करियर की पहली एडल्ट-रेटेड फिल्म बन गई है।

होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी ‘कॉकटेल 2’ साल 2012 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म ‘कॉकटेल’ का सीक्वल है। लंबे समय से दर्शक इस फिल्म का इंतजार कर रहे थे और अब 19 जून को यह सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है।

2 घंटे 30 मिनट लंबी होगी फिल्म

रिपोर्ट्स के मुताबिक, CBFC से A सर्टिफिकेट मिलने के साथ फिल्म का रनटाइम भी सामने आ गया है। ‘कॉकटेल 2’ की अवधि करीब 150 मिनट यानी 2 घंटे 30 मिनट बताई जा रही है। फिल्म की एडवांस बुकिंग भी 14 जून से शुरू हो चुकी है।

कृति सेनन के करियर की पहली A-रेटेड फिल्म

कृति सेनन पिछले 12 सालों से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं, लेकिन यह पहली बार है जब उनकी किसी फिल्म को A सर्टिफिकेट मिला है। वहीं रश्मिका मंदाना के लिए यह दूसरी हिंदी A-रेटेड फिल्म होगी। इससे पहले वह ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘एनिमल’ में नजर आई थीं।

शाहिद कपूर की पांचवीं एडल्ट-रेटेड फिल्म

शाहिद कपूर के लिए A सर्टिफिकेट वाली फिल्मों का यह नया अनुभव नहीं है। इससे पहले उनकी ‘कमीने’, ‘उड़ता पंजाब’, ‘कबीर सिंह’ और ‘ओ रोमियो’ जैसी फिल्मों को भी एडल्ट सर्टिफिकेट मिल चुका है। दिलचस्प बात यह है कि इसी साल रिलीज हुई ‘ओ रोमियो’ के बाद ‘कॉकटेल 2’ शाहिद की लगातार दूसरी A-रेटेड फिल्म बन गई है।

पहली फिल्म को मिला था U/A सर्टिफिकेट

साल 2012 में रिलीज हुई ‘कॉकटेल’ में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला था और इसे CBFC से U/A सर्टिफिकेट मिला था। फिल्म का रनटाइम 146 मिनट था। वहीं अब इसका सीक्वल ज्यादा लंबा होने के साथ A सर्टिफिकेट के कारण और भी चर्चा में आ गया है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘कॉकटेल 2’ बॉक्स ऑफिस पर पहली फिल्म जैसी सफलता दोहरा पाती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *