‘बंटवारा 1947’ का बॉक्स ऑफिस पर बुरा हाल, चौथे दिन ही धड़ाम हुई कमाई, 30 करोड़ तक पहुंचना भी मुश्किल

KNEWS DESK – सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ को लेकर रिलीज से पहले काफी बज बना हुआ था। फिल्म से उम्मीद थी कि यह बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत करेगी और आगे भी मजबूत पकड़ बनाए रखेगी। हालांकि, रिलीज के बाद तस्वीर कुछ अलग नजर आ रही है। धीमे फर्स्ट हाफ, छोटे किरदारों का कमजोर असर और बॉक्स ऑफिस पर दूसरी बड़ी रिलीज से मुकाबले का असर फिल्म की कमाई पर साफ दिखाई दे रहा है।

चौथे दिन महज 2 करोड़ की कमाई

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बंटवारा 1947’ ने सोमवार यानी रिलीज के चौथे दिन करीब 2 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। रविवार के मुकाबले फिल्म की कमाई में करीब 72.4 फीसदी की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

फिल्म ने पहले दिन 5.75 करोड़ रुपये से खाता खोला था। शनिवार को कमाई बढ़कर 13.50 करोड़ रुपये पहुंची, जबकि रविवार को फिल्म ने 7.25 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह पहले तीन दिनों में फिल्म ने कुल मिलाकर ठीक-ठाक कारोबार किया, लेकिन सोमवार आते ही कमाई में भारी गिरावट देखने को मिली।

30 करोड़ तक पहुंचना भी हुआ मुश्किल

चार दिनों के बाद फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन करीब 28.50 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। यानी फिल्म अभी तक 30 करोड़ के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाई है।

सोमवार को फिल्म की ऑक्यूपेंसी भी काफी कम रही। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 6,771 शोज के दौरान फिल्म की ऑक्यूपेंसी लगभग 11 फीसदी रही। इससे साफ है कि वीकडेज में दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में फिल्म को परेशानी हो रही है।

ओवरसीज में भी धीमी रफ्तार

भारत के अलावा विदेशी बाजार में भी फिल्म का प्रदर्शन बहुत मजबूत नहीं रहा है। सोमवार को फिल्म ने ओवरसीज में करीब 70 लाख रुपये का कारोबार किया। वहीं, विदेशों में फिल्म की कुल कमाई लगभग 6.25 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 40.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। हालांकि, फिल्म के बजट को देखते हुए यह आंकड़ा काफी कम माना जा रहा है।

130-150 करोड़ का बजट बना बड़ी चुनौती

‘बंटवारा 1947’ का बजट करीब 130 से 150 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है। ऐसे में फिल्म को अपनी लागत निकालने के लिए अभी लंबा सफर तय करना है।

पहले तीन दिनों में फिल्म ने जिस तरह कमाई की थी, उससे उम्मीद थी कि वीकडेज में भी कारोबार कुछ हद तक बना रहेगा। लेकिन सोमवार के कलेक्शन ने मेकर्स की चिंता बढ़ा दी है। अब फिल्म के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि आने वाले दिनों में कमाई को किस तरह स्थिर रखा जाए।

‘आवारापन 2’ से क्लैश का भी पड़ा असर

फिल्म के कमजोर प्रदर्शन की एक वजह इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ से हुआ बॉक्स ऑफिस क्लैश भी माना जा रहा है। दोनों फिल्मों के एक साथ रिलीज होने से दर्शकों के बीच विकल्प बढ़ गए हैं, जिसका असर टिकट बिक्री पर पड़ा है।

वहीं, फिल्म की कम होती कमाई को देखते हुए मेकर्स ने टिकट की कीमतों को लेकर 99 रुपये का ऑफर भी पेश किया है। अब देखना होगा कि कम टिकट कीमत और आने वाले दिनों में मिलने वाली छुट्टियों से फिल्म को कोई फायदा होता है या नहीं।

फिलहाल ‘बंटवारा 1947’ के लिए सबसे जरूरी है कि आने वाले दिनों में कमाई पूरी तरह न गिरे। क्योंकि मौजूदा रफ्तार को देखते हुए फिल्म के लिए अपने बड़े बजट की भरपाई करना बेहद मुश्किल नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *