‘गदर 2’ के बाद अब ‘गदर 3’ का इंतजार खत्म, मेकर्स ने दिया बड़ा अपडेट

KNEWS DESK – सनी देओल और अमीषा पटेल की सुपरहिट फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ ने अपनी रिलीज के 25 साल पूरे कर लिए हैं। साल 2001 में रिलीज हुई इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़े थे, बल्कि भारतीय सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में भी अपनी जगह बनाई थी। अब फिल्म की सिल्वर जुबली के मौके पर फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। फिल्म के निर्देशक अनिल शर्मा ने ‘गदर 3’ को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।

अनिल शर्मा ने पुष्टि की है कि ‘गदर 3’ जरूर बनेगी और अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो इसकी शूटिंग अगले साल यानी 2027 में शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है। निर्देशक का कहना है कि ‘गदर’ जैसी फ्रेंचाइजी से दर्शकों की उम्मीदें बहुत बड़ी हैं, इसलिए वे तभी फिल्म बनाएंगे जब कहानी पहले से भी ज्यादा दमदार होगी।

अनिल शर्मा ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर ‘गदर’ की कहानी बॉम्ब थी और ‘गदर 2’ एटम बॉम्ब साबित हुई, तो ‘गदर 3’ के लिए उन्हें न्यूक्लियर बॉम्ब जैसी कहानी चाहिए। उन्होंने कहा कि फिल्म को लेकर जल्दबाजी नहीं की जाएगी और पूरी तैयारी के बाद ही इसे फ्लोर पर लाया जाएगा।

बॉक्स ऑफिस की बात करें तो 18 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘गदर: एक प्रेम कथा’ ने दुनिया भर में करीब 132 करोड़ रुपये की कमाई की थी। वहीं 2023 में रिलीज हुई ‘गदर 2’ ने 60 करोड़ रुपये के बजट के मुकाबले करीब 686 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर इतिहास रच दिया था। अब फैंस को ‘गदर 3’ का बेसब्री से इंतजार है, जो एक बार फिर तारा सिंह की कहानी को बड़े पर्दे पर आगे बढ़ाएगी।