टीवी इंडस्ट्री को बड़ा झटका, ‘कुमकुम भाग्य’ फेम संचिता उगले का निधन

KNEWS DESK – टीवी और फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय अभिनेत्री संचिता उगले का निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 30 वर्षीय एक्ट्रेस ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। हालांकि अभी तक उनकी मौत के पीछे की वजह सामने नहीं आई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संचिता उगले ने अपने करियर की शुरुआत साल 2023 में बतौर कंटीन्यूटी आर्टिस्ट की थी। इसके बाद उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा और कम समय में ही अपनी अलग पहचान बना ली। टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय रहने के साथ-साथ उन्होंने फिल्मों में भी काम किया। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी फैन फॉलोइंग थी और युवा दर्शकों के बीच वह काफी लोकप्रिय थीं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना शाम करीब 6:30 बजे से 7:30 बजे के बीच की है। पुलिस के मुताबिक संचिता अपने माता-पिता और बहन के साथ नालासोपारा में रहती थीं। घटना के समय वह घर में अकेली थीं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उन्होंने कथित तौर पर साड़ी के सहारे फांसी लगाई। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिसके चलते मौत के कारणों को लेकर अभी भी रहस्य बना हुआ है।

https://www.instagram.com/p/DWju-YxjSFS/

संचिता उगले भले ही इंडस्ट्री में ज्यादा समय से सक्रिय नहीं थीं, लेकिन उन्होंने कम वक्त में कई बड़े प्रोजेक्ट्स में काम किया। वह विकी कौशल की सुपरहिट फिल्म ‘छावा’ में नजर आई थीं। इसके अलावा उन्होंने मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘साइलेंस 2’ में भी अभिनय किया था। उनके अचानक निधन की खबर से फैंस और मनोरंजन जगत के लोग सदमे में हैं।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं, अभिनेत्री के परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *