अमृतसर में Zomato डिलीवरी वर्कर की गोली मारकर हत्या, पुलिस चौकी के पास वारदात

Knews Desk– एक्टिवा सवार दो युवकों ने 25 वर्षीय साहिल गिल पर कई राउंड फायरिंग की। गोली सीने के पास लगने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। साहिल जोमैटो में डिलीवरी का काम करता था और उसका एक साल का बच्चा है।

अमृतसर में पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। वारदात गुरुवार रात करीब 10:50 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान कोट खालसा निवासी साहिल गिल के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, साहिल घर से सब्जी लेने के लिए निकला था। इसी दौरान एक्टिवा सवार दो युवक वहां पहुंचे और उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली साहिल के सीने के पास लगी। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी एक्टिवा से मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और साहिल के परिजनों को सूचना दी। परिजन और स्थानीय लोग उसे गंभीर हालत में अमनदीप अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि साहिल जोमैटो में डिलीवरी का काम करता था। उसकी करीब दो साल पहले शादी हुई थी और उसका एक साल का बच्चा भी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *