एशियन गेम्स में भारत का धमाका, जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में पहुंची महिला क्रिकेट टीम

KNEWS DESK – एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट क्वार्टर फाइनल में भारतीय टीम ने जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी टीम इंडिया के सामने जापानी बल्लेबाज पूरी पारी के दौरान संघर्ष करती नजर आईं। भारतीय स्पिनर्स के सामने जापान की टीम 57 रन पर ऑलआउट हो गई।

भारत की ओर से बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने टी20 करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने 10 रन देकर 4 विकेट चटकाए। भारतीय गेंदबाजों के दबदबे का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जापान की पूरी पारी में सिर्फ तीन बाउंड्री आईं।

जापान ने पावरप्ले के शुरुआती छह ओवर में 24 रन बनाए। इसके बाद सातवें ओवर में श्री चरणी ने लगातार दो गेंदों पर ओपनर हारुना इवासाकी और कप्तान माई यानागिडा को आउट कर दिया। पिच से मिल रहे टर्न और उछाल का भारतीय गेंदबाजों ने पूरा फायदा उठाया।

शेफाली वर्मा ने भी गेंदबाजी में योगदान देते हुए 13 रन देकर 2 विकेट लिए। जापान के दो बल्लेबाज रन आउट हुए। इस तरह भारतीय गेंदबाजों ने मेजबान टीम की पारी को 57 रन पर समेट दिया।

58 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई। हालांकि भारत ने शुरुआती दौर में 2 विकेट गंवा दिए। इसके बाद शेफाली ने ऋचा घोष के साथ मिलकर पारी को संभाला और टीम को आसानी से जीत तक पहुंचाया।

शेफाली वर्मा ने सिर्फ 15 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं ऋचा घोष ने 6 गेंदों पर नाबाद 12 रन बनाए। भारत ने महज 5 ओवर यानी 30 गेंदों में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और क्वार्टर फाइनल में 8 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *