अमृतसर में ड्यूटी के दौरान ASI हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या, TTH ने जिम्मेदारी का दावा

KNEWS DESK- थाना गेट हकीमा क्षेत्र में देर रात गश्त के दौरान ASI हरजीत सिंह पर फायरिंग की गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए हमलावरों की तलाश में जुटी है।

पंजाब के अमृतसर में ड्यूटी के दौरान एक ASI की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हरजीत सिंह के रूप में हुई है। वह थाना गेट हकीमा क्षेत्र में तैनात थे। बताया जा रहा है कि देर रात वह बाइक से दाना मंडी इलाके में गश्त कर रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। वारदात रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच बताई जा रही है। गोलियां लगने से हरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। ASI की हत्या के बाद ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ यानी TTH नाम के संगठन ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हमले के पीछे की वजह और संगठन के दावे की भी जांच कर रही है।

इस घटना पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने हरजीत सिंह के परिवार को 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है। इसके अलावा HDFC बैंक की ओर से परिवार को 1 करोड़ रुपये की बीमा राशि दिए जाने की जानकारी भी दी गई है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *