ओवैसी की पार्टी में शामिल होंगे संभल जामा मस्जिद के सदर जफर अली, 2027 चुनाव लड़ने की भी तैयारी

Knews Desk- उत्तर प्रदेश की सियासत में नया राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। संभल की शाही जामा मस्जिद के सदर जफर अली आज औपचारिक रूप से AIMIM (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) का दामन थामने जा रहे हैं। मुरादाबाद में आयोजित पार्टी कार्यक्रम के दौरान AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की मौजूदगी में उन्हें सदस्यता दिलाई जाएगी।

जफर अली का नाम संभल हिंसा मामले में प्रमुख आरोपियों में शामिल रहा था। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था, जहां उन्होंने करीब चार महीने जेल में बिताए। बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद उन्हें रिहाई मिली।

1 अगस्त 2025 को जेल से बाहर आने के बाद जफर अली का समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया था। वे खुली गाड़ी में जुलूस के साथ संभल पहुंचे थे, जिसकी उस समय काफी चर्चा हुई थी।

2027 विधानसभा चुनाव पर नजर

AIMIM की सदस्यता लेने की पुष्टि खुद जफर अली ने भी की है। उन्होंने संकेत दिए हैं कि पार्टी में शामिल होने के बाद अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान करेंगे। बताया जा रहा है कि वे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।

राजनीतिक सूत्रों का मानना है कि AIMIM जफर अली को संभल विधानसभा सीट से उम्मीदवार बना सकती है। यदि ऐसा होता है, तो संभल समेत आसपास की मुस्लिम बहुल सीटों पर चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है तथा स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर इसका असर पड़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *