Knews Desk- कर्नाटक के विजयपुरा शहर में पति की हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी अश्विनी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान राजशेखर के रूप में हुई है। पुलिस जांच के अनुसार, अश्विनी ने अपने प्रेमी आनंद कल्लू और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी।
जानकारी के मुताबिक, राजशेखर और अश्विनी का विवाह अचानक हुआ था। दोनों के छह साल के जुड़वां बेटे हैं। राजशेखर ने हाल ही में एक नया घर बनवाया था। इसी दौरान घर की रंगाई का काम करने के लिए मदीना निवासी आनंद कल्लू वहां आया। इसी दौरान अश्विनी और आनंद की मुलाकात हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं और उनकी जान-पहचान कथित तौर पर प्रेम संबंध में बदल गई।पुलिस की जांच में सामने आया कि अश्विनी अपने पति राजशेखर को रास्ते से हटाना चाहती थी। इसके लिए उसने अपने प्रेमी आनंद के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। बताया जा रहा है कि एक दिन अश्विनी ने आनंद से कहा कि वे उसके पति को खत्म कर दें, ताकि दोनों साथ रह सकें। आनंद पहले से विवाहित था, लेकिन उसने अपनी शादी की बात भी छिपा रखी थी। पुलिस के अनुसार, राजशेखर की हत्या के साथ उसकी संपत्ति पर कब्जा करने की योजना भी बनाई गई थी।
जांच के मुताबिक, वारदात वाले दिन राजशेखर रोज की तरह टहलने के लिए निकला था। इसकी जानकारी अश्विनी ने फोन के जरिए आनंद को दी। इसके बाद आनंद ने सचिन बडाली को योजना के अनुसार बिना नंबर प्लेट वाली काली स्कॉर्पियो लेकर आने को कहा। सचिन जुमनाला रोड पर राजशेखर का इंतजार कर रहा था। इस दौरान अश्विनी लगातार फोन पर आनंद के संपर्क में थी।बताया गया कि जब आनंद ने जुमनाला रोड पर राजशेखर को देखा, तो उसने सचिन और उसके साथ मौजूद एक नाबालिग लड़के को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सचिन ने तेज रफ्तार से स्कॉर्पियो चलाते हुए राजशेखर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजशेखर करीब सौ फीट दूर जाकर गिरे। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, राजशेखर की मौत की पुष्टि करने के बाद आनंद ने अश्विनी को फोन कर बताया कि उनका काम पूरा हो गया है। इसके बाद अश्विनी ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसके पति की मौत किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई है। शुरुआती तौर पर मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा था, लेकिन पुलिस ने जांच के दौरान कई अहम पहलुओं पर ध्यान दिया।शहर के डीएसपी नागराज के नेतृत्व में जांच टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान पुलिस को अश्विनी के व्यवहार पर भी संदेह हुआ। जांच आगे बढ़ने पर कथित साजिश की परतें खुलती चली गईं। पुलिस ने मामले में अश्विनी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।