दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में UPSC की तैयारी कर रहे 25 वर्षीय छात्र अल्टा भरत कुमार रेड्डी का शव किराए के फ्लैट में मिला। आंध्र प्रदेश के रहने वाले छात्र के पास से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है, जिसमें पढ़ाई को लेकर तनाव का जिक्र है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Knews Desk- देश की राजधानी दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में सोमवार को UPSC की तैयारी कर रहे एक छात्र की मौत का मामला सामने आया। मृतक की पहचान अल्टा भरत कुमार रेड्डी के रूप में हुई है। वह आंध्र प्रदेश का निवासी था और करीब एक साल से किराए के फ्लैट में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार दोपहर 2:38 बजे राजेंद्र नगर थाने में PCR कॉल के जरिए फ्लैट नंबर 11A/16 में एक युवक के आत्महत्या करने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद क्राइम टीम, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) टीम और दमकल विभाग को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने दरवाजा खोला, जिसके बाद अंदर छात्र मृत मिला।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नोट में छात्र ने पढ़ाई से जुड़े तनाव का उल्लेख किया था। पुलिस ने बताया कि छात्र अपने एक रूममेट के साथ रहता था, जो करीब एक सप्ताह पहले अपने गांव गया हुआ था। आसपास रहने वाले एक व्यक्ति ने पिछले दो दिनों से फ्लैट से तेज दुर्गंध आने की बात भी बताई।
क्राइम टीम और FSL ने घटनास्थल की जांच की है। शुरुआती जांच में किसी आपराधिक पहलू की जानकारी सामने नहीं आई है। छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद होगी। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।