13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त को इस्तीफा दिया था, जिसे केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने मंजूर कर लिया। अब एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्होंने अपने अगले कदम को लेकर सस्पेंस बढ़ा दिया है।
Knews Desk – उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल अब अपनी जिंदगी का नया अध्याय शुरू करने जा रही हैं। 2013 बैच की अधिकारी दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को करीब 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद इस्तीफा दे दिया था। उनका इस्तीफा 14 सितंबर को स्वीकार किया गया और इसके बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं।
अब दिव्या मित्तल ने खुद अपने अगले कदम को लेकर बड़ा संकेत दिया है। रविवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने उन तमाम कयासों का जिक्र किया, जो उनके इस्तीफे के बाद लगाए जा रहे हैं। उन्होंने लिखा, “आगे क्या करना है? मैंने पढ़ा: बच्चे छोटे हैं। अब घर। अच्छा पैकेज मिलेगा, वापस विदेश। IAS पर किताब लिखी है। कोचिंग। टिकट पक्का हो गया होगा। राजनीति। 29 सितंबर, सुबह 8:30 बजे। बताऊंगी।”
इस पोस्ट के बाद यह साफ है कि दिव्या मित्तल 29 सितंबर की सुबह 8:30 बजे अपने भविष्य की योजना को लेकर जानकारी देने वाली हैं। हालांकि, उन्होंने अभी इनमें से किसी भी विकल्प की पुष्टि नहीं की है। उनकी पोस्ट में विदेश लौटने, किताब लिखने, कोचिंग और राजनीति समेत कई संभावनाओं का जिक्र है।
13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद इस्तीफा
दिव्या मित्तल उत्तर प्रदेश में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर काम कर चुकी हैं। वह मिर्जापुर, बस्ती और देवरिया समेत कई जिलों की जिलाधिकारी रह चुकी हैं। मिर्जापुर में जिलाधिकारी रहते हुए लहुरियादह गांव तक पेयजल पहुंचाने की परियोजना को लेकर भी वह चर्चा में आई थीं।
दिव्या मित्तल ने IIT दिल्ली से पढ़ाई की और IIM बेंगलुरु से MBA किया। IAS बनने से पहले उन्होंने लंदन में नौकरी की थी। इसके बाद उन्होंने UPSC की तैयारी की और भारतीय प्रशासनिक सेवा में शामिल हुईं।
30 अगस्त को इस्तीफे की घोषणा करते हुए उन्होंने अपनी 13 साल की सेवा को याद किया था। उन्होंने व्यक्तिगत कारणों, पारिवारिक प्राथमिकताओं और जीवन के नए लक्ष्यों का हवाला देते हुए प्रशासनिक सेवा से अलग होने का फैसला किया था।
वैष्णो देवी पहुंची थीं दिव्या मित्तल
इस्तीफा स्वीकार होने के आसपास दिव्या मित्तल माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा भी पहुंची थीं। वहां से उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की थी। उन्होंने मां वैष्णो देवी से आगे की राह पर सही दिशा, सद्बुद्धि, साहस और प्रेम की प्रार्थना की थी।
अब उनके नए सफर को लेकर उनके सोशल मीडिया फॉलोअर्स के बीच उत्सुकता बनी हुई है। दिव्या मित्तल ने फिलहाल अपने अगले कदम को सार्वजनिक नहीं किया है और 29 सितंबर की सुबह 8:30 बजे इसका खुलासा करने की बात कही है।