Knews Desk – दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ यानी DUSU चुनाव में NSUI को बड़ा झटका लगा है। 2026 के चुनाव में ABVP ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव समेत चार में से तीन केंद्रीय पदों पर जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष पद निर्दलीय उम्मीदवार और पूर्व NSUI सदस्य दीपांशु शौकीन ने जीता। NSUI चारों केंद्रीय पदों में से कोई भी सीट हासिल नहीं कर सकी।
NSUI की इस हार के बाद कांग्रेस के भीतर समीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। टीवी9 की रिपोर्ट के मुताबिक, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल को DUSU चुनाव में हार के कारणों की समीक्षा करने और आवश्यक कार्रवाई के सुझाव देने के निर्देश दिए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल गांधी ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि अनुकूल परिस्थितियों के बावजूद छात्र संगठन चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। अब समीक्षा रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई को लेकर फैसला लिया जाएगा। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि समीक्षा के बाद किसी नेता या पदाधिकारी पर कार्रवाई होगी या नहीं।
चुनाव में ABVP के यश डबास ने अध्यक्ष पद पर NSUI के विजय शंकर मीणा को 2,053 मतों से हराया। रिया छावड़ी ने सचिव और लक्ष्य राज सिंह ने संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की। वहीं, पूर्व NSUI सदस्य दीपांशु शौकीन ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की।
दीपांशु शौकीन की जीत भी कांग्रेस और NSUI के लिए समीक्षा का एक अहम विषय बन सकती है। रिपोर्टों के अनुसार, शौकीन पहले NSUI से जुड़े थे और टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा। उन्होंने उपाध्यक्ष पद पर 30,615 वोट हासिल किए और ABVP उम्मीदवार को 13,705 वोटों से हराया।
समीक्षा में NSUI की चुनावी रणनीति, उम्मीदवारों के चयन और संगठनात्मक फैसलों पर भी चर्चा होने की बात सामने आई है। इसके अलावा पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ कथित तौर पर काम करने वाले नेताओं और पूर्व पदाधिकारियों की भूमिका की भी समीक्षा किए जाने की बात कही गई है। फिलहाल कांग्रेस की ओर से समीक्षा के बाद होने वाली कार्रवाई को लेकर कोई अंतिम फैसला सार्वजनिक नहीं किया गया है।