बिहार में एक और कांड… किशनगंज में युवती से सरेआम मारपीट, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक को दबोचा

बिहार के किशनगंज में युवती के साथ मारपीट का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की। मामले में 21 वर्षीय आरोपी शहजाद को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चार अन्य आरोपियों की तलाश में अलग-अलग राज्यों में छापेमारी की जा रही है।

Knews Desk– बिहार के किशनगंज जिले में युवती के साथ मारपीट का एक कथित वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हाल्ट रेलवे स्टेशन के पास का बताया जा रहा है। इसमें कुछ युवकों द्वारा युवती को एक घर में ले जाकर उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब चार से पांच महीने पुराना है। वीडियो की सामग्री विचलित करने वाली होने के कारण इसे सार्वजनिक रूप से साझा नहीं किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, जब यह मामला पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के व्हाट्सएप तक पहुंचा, तो उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी ने 24-25 सितंबर की देर रात करीब 12:30 बजे तकनीकी टीम को मामले की जांच में लगा दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल की पुष्टि की और रात में ही एक विशेष अनुसंधान दल यानी SIT का गठन किया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का भौतिक निरीक्षण किया और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। शुरुआती जांच में कुल पांच मुख्य आरोपियों की पहचान की गई है।

इनमें से 21 वर्षीय शहजाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे जिले के दहीभात थाना क्षेत्र के दिघलबैंक से पकड़ा गया। वहीं, बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना में शामिल कुछ आरोपी वारदात के बाद अलग-अलग राज्यों में जाकर छिपे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, पहचाने गए आरोपियों में अफसर उर्फ हती गुजरात में, जुबेर खान हरियाणा में, मिजान उर्फ सलमान कर्नाटक में और कामिल पंजाब में रह रहा है। इन सभी को पकड़ने के लिए पुलिस कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने पीड़ित युवती की पहचान भी कर ली है और उसका बयान दर्ज किया है। पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि वह अपनी एक सहेली से मिलने के लिए रेलवे स्टेशन गई थी। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवकों की नजर उस पर पड़ी और आरोप है कि उन्होंने उसके साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि घटना में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *