सम्भल: अवैध पटाखों के जखीरे में भीषण विस्फोट, 15 वर्षीय किशोरी की मौत

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के सम्भल जिले से एक दर्दनाक और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत और सदमे में डाल दिया है। रजपुरा थाना क्षेत्र के ईसाकपुर गांव में एक घर के भीतर रखे अवैध पटाखों और बारूद के जखीरे में अचानक भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में एक 15 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोरी और घर का मालिक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, जिस घर में यह हादसा हुआ वह एक आतिशबाज का है, जिसका पटाखा बनाने का लाइसेंस काफी समय पहले ही समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद नियमों और कानूनों को ताक पर रखकर रिहायशी घर के भीतर भारी मात्रा में अवैध पटाखे और विस्फोटक सामग्री का भंडारण किया गया था। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के कारण घर में रखे बारूद ने अचानक रासायनिक प्रतिक्रिया दी और देखते ही देखते एक जोरदार धमाका हो गया।

दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज

धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के घरों की दीवारें हिल गईं और लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही पलों में चीख-पुकार का माहौल बन गया। जिस घर में विस्फोट हुआ, वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मलबे में तब्दील हो गया। इस हादसे में आतिशबाज की दो पोतियां भी चपेट में आ गईं। 15 वर्षीय एक किशोरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी किशोरी गंभीर रूप से घायल है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इसके अलावा घर का मालिक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने शुरू किया बचाव कार्य

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वहीं मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर नमूने एकत्र किए हैं, ताकि विस्फोट के वास्तविक कारणों की जांच की जा सके। प्रारंभिक जांच में अवैध रूप से बारूद का भंडारण और लापरवाही को बड़ा कारण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *