डिजिटल डेस्क- ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर संसद में हुए घटनाक्रम के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को राजनीतिक माहौल गरमा गया। विपक्ष के रवैये के खिलाफ ‘जन आक्रोश महिला पद यात्रा’ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। यह पद यात्रा मुख्यमंत्री आवास से शुरू होकर विधानभवन तक निकाली गई, जिसमें खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और भाजपा नेता भी मौजूद रहे। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज महिलाएं सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं, क्योंकि विपक्ष ने उनके अधिकारों की अनदेखी की है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “इनके लिए तो कहावत है ‘देख सपाई बिटिया घबराई’,” जो इस पूरे मुद्दे पर विपक्ष के रुख को दर्शाता है।
डिप्टी सीएम ने सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
वहीं, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाओं में इन दलों के खिलाफ भारी आक्रोश है और यदि उन्हें आरक्षण नहीं मिला तो वे चुनाव में विपक्ष को करारा जवाब देंगी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में “मातृशक्ति” निर्णायक भूमिका निभाएगी और विपक्ष को सबक सिखाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरूण यादव ने भी विपक्षी दलों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने न सिर्फ इस अधिनियम को गिराने का काम किया, बल्कि सदन में खुशी भी जाहिर की और तालियां बजाईं। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया और कहा कि देश की जनता इस रवैये को कभी माफ नहीं करेगी।
कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके का रवैया विरोधी- सीएम योगी
पद यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा, कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके का रवैया महिला विरोधी रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर में जो आक्रोश है, वह इस लखनऊ मार्च के माध्यम से स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। सीएम ने इस पद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इसे महिलाओं के अधिकारों की आवाज बताया। कार्यक्रम के समापन पर सीएम योगी ने एक बार फिर विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश का हर नागरिक “आधी आबादी” के साथ खड़ा है। सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इन दलों का चेहरा अलोकतांत्रिक है और इन्हें अपनी आपराधिक छवि सुधारने का मौका मिला था, लेकिन उन्होंने उसका गलत इस्तेमाल किया।