समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कई घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना यानी OPS बहाल की जाएगी। इसके अलावा वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय, शिक्षा मित्रों की पुरानी व्यवस्था और मदरसों की सेवाएं बहाल करने की बात भी कही।
Knews Desk– लखनऊ में समाजवादी पार्टी की ओर से शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि विधायकों और एमएलसी के साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई है और उनसे सुझाव भी लिए गए हैं। उन्होंने शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने लगातार सदन में शिक्षकों की आवाज उठाई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसका विस्तृत खाका पार्टी के चुनावी घोषणापत्र में रखा जाएगा।
अखिलेश यादव ने शिक्षकों और शिक्षा मित्रों से जुड़े कई अन्य मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों के लिए मानदेय की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही मदरसों की सेवाएं बहाल करने, संस्कृत विद्यालयों की समस्याओं का समाधान करने और शिक्षा मित्रों की पुरानी व्यवस्था को बहाल कर उन्हें शिक्षक बनाए जाने की बात कही।
बीजेपी पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी समाजवादी पार्टी की योजनाओं और मुद्दों की नकल करती है। उन्होंने अपनी पिछली ‘भजन जैमिंग’ वाली टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी नकल करती है और कहीं ‘भजन जैमिंग’ हो गई। उन्होंने जमीन और किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को घेरा।
अखिलेश यादव ने जमीन अधिग्रहण को लेकर किसानों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की। अलीगढ़-मुरादाबाद ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को जमीन की मार्केट वैल्यू के आधार पर मुआवजा मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार की ओर से बड़ी मात्रा में सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराने के दावे पर भी सवाल उठाया।
शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन की अपील की। उन्होंने मिर्जापुर-वाराणसी शिक्षक क्षेत्र से लाल बिहारी यादव, लखनऊ से सुशील कुमार और आगरा से प्रकाश चंद्र गुप्ता का नाम लिया। इसके अलावा गोरखपुर-फैजाबाद से कमलेश यादव, मुरादाबाद से दानिश अख्तर और लखनऊ स्नातक सीट से कांति सिंह का भी जिक्र किया।
राज्यसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने विधायकों के साथ उम्मीदवारों को लेकर चर्चा की है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवारों के नाम सामने आने पर लोग आश्चर्यचकित रह जाएंगे।
EVM के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने मायावती के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने EVM को लेकर उठाए जा रहे सवालों को साइबर फ्रॉड से जोड़ने की बात कही।